
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राज्यपाल मंगू भाई पटेल को पत्र लिखकर प्रदेश में बी.एड. और एम.एड. कॉलेजों में हो रहे घोटाले की ओर ध्यान आकर्षित किया है।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि भोपाल, उज्जैन एवं इन्दौर सहित अन्य जिलों में नियमों को ताक पर रखकर एक कमरे में बी.एड. और एम.एड. कॉलेजों का संचालन किया जा रहा है। इन कॉलेजों द्वारा मापदण्डों को दरकिनार रख कर कॉलेज का संचालन किया जा रहा है।
दिग्विजय सिंह ने कहा है कि जांच में सामने आया है कि इसमें भी नर्सिंग घोटाले की तरह ही एम.एड कर रहे छात्रों को फैकल्टी दर्शाया जा रहा है। हाल ही में ई.ओ.डब्ल्यू. द्वारा इसकी जांच शुरू की गई है।
उन्होंने राज्यपाल से अनुरोध किया है कि प्रदेश में व्यापक स्तर पर हो रहे इस घोटाले की प्रदेश स्तर के वरिष्ठ अधिकारी से जांच कराये।
