समय पर पेपर देने न पहुंचने पर कई छात्र-छात्राएं हिंदी का पर्चा करने में रहे असफल

नवभारत न्यूज

दमोह. शहर के एक्सीलेंस स्कूल में गुरुवार को कक्षा दसवीं की परीक्षा के दौरान चंद मिनट देरी से पहुंचे कुछ छात्रों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया. यह छात्र स्कूल प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों से मिन्नतें करते रहे, लेकिन अधिकारियों ने नियमों का हवाला देकर उन्हें प्रवेश नहीं दिया. छात्रों की मांग है कि उन्हें एक अवसर दिया जाए ताकि उनका साल खराब ना हो. दमोह के परस्वाहा में रहने वाले एक छात्रा ने बताया कि पहुंचने में मात्र तीन से चार मिनट की देरी हुई लेकिन उसे प्रवेश नहीं दिया गया. शहर के बजरिया वार्ड में रहने वाले एक छात्र के साथ भी यही स्थिति बनी. बांदकपुर से आए भूपेंद्र ने बताया कि वह 9:07 पर परीक्षा केंद्र पहुंचा था लेकिन उसे प्रवेश नहीं दिया गया. दलपतपुर की छात्रा आभा ने कहा कि वह समय पर पहुंच गई थी, लेकिन फिर भी प्रवेश नहीं मिला. वहीं सगरोन निवासी सोमवती विश्वकर्मा ने कहा कि वह 9:40 पर पहुंची थी इसलिए उन्हें प्रवेश नहीं मिला, साथ ही बांदकपुर निवासी सीबीएसई सेंट जॉन केंद्र में पर्चा हल करने पहुंची छात्रा को भी पर्चा हल करने नहीं मिला. लेकिन वह सभी चाहते हैं कि उन्हें एक अवसर दिया जाए. यहां से ये छात्र कलेक्टर सुधीर कोचर के पास पहुंचे. कलेक्टर ने उनकी बात सुनी, लेकिन उन्हें बताया कि नियम अनुसार प्रत्येक परीक्षार्थी को सुबह 8:30 बजे परीक्षा केंद्र पर पहुंचना आवश्यक है. यदि किसी कारण देर होती है, तो केवल 8:40 तक उसे केंद्र में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी. यह बच्चे 9:00 के बाद पहुंचे हैं इसलिए इन्हें प्रवेश नहीं मिला. इस बारे में मैं मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल से पत्राचार करूंगा यदि वहां से कोई निर्देश मिलते हैं तो आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने छात्रों से यह भी कहा कि अगली बार समय पर परीक्षा देने पहुंच जाए.

*जल्दी उनकी सप्लीमेंट्री परीक्षा होगी*

कलेक्टर श्री कोचर ने कहा कि कुछ विद्यार्थी परीक्षा केन्द्र पर आधे घंटे विलंब से पहुंचे थे, विद्यार्थियों से मिलकर ढांढस बंधाया है. भरोसा दिलाया जल्दी उनकी सप्लीमेंट्री परीक्षा होगी. सोशल मीडिया पर कई प्लेटफार्म ऐसे हैं, जिनको साइबर पुलिस को दिया हुआ है, साइबर पुलिस उनकी निगरानी कर रही है. हाई स्कूल परीक्षा कक्षा 10वीं के अंतर्गत कुल 16736 दर्ज परीक्षार्थी में से 16446 परीक्षार्थी उपस्थित रहे. कुल 290 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे. गुरुवार को जिले में कहीं पर कोई नकल प्रकरण नहीं बना.

Next Post

पेट दर्द और उल्टी से पीडि़त 9 लोग जिला अस्पताल में भर्ती

Thu Feb 27 , 2025
० दो परिवारों के लोग हुये प्रभावित, सरसो का तेल उपयोग करने से बिगड़ी तबियत नवभारत न्यूज सीधी 27 फरवरी। पेट दर्द, उल्टी और चक्कर आने पर दो परिवार के 9 लोगों को देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीडि़त लोगों का कहना था कि सरसो के तेल […]

You May Like

मनोरंजन