नयी दिल्ली, 26 फरवरी (वार्ता) वाराणसी से बिहार के औरंगाबाद तक 192 किलोमीटर लंबे राजमर्ग के छह लने विस्तार, संचालन और रखरखाव करने वाली कंपनी वाराणसी औरंगाबाद एनएच-2 टोलवे प्राइवेट लिमिटेड (वीएएच)ने डॉलर बॉन्ड जारी करके सफलतापूर्वक 31.63 करोड़ डॉलर जुटाए हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी देते हुये कहा कि बॉन्ड की कूपन दर 5.90 प्रतिशत है और यह करीब नौ साल में परिपक्व होगा। जुटाई गई धनराशि का उपयोग पुनर्वित्त और पूंजीगत व्यय के लिए किया जाएगा। बॉन्ड की पेशकश को वैश्विक निवेशकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली, जिसमें ऑर्डर बुक 3.3 अरब डॉलर से अधिक हो गई, जो लगभग 10.4 गुना अधिक अभिदान मिला है। इस निर्गम में प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बाजारों से 144 निवेशकों ने हिस्सा लिया, जो वीएएच की वित्तीय स्थिति और दीर्घकालिक विकास संभावनाओं में निवेशकों के मजबूत विश्वास को दर्शाता है।
यह खंड, जो उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच संपर्क को बढ़ाता है, देश में आरओएडीआईएस द्वारा प्रबंधित बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर (बीओटी) मॉडल के तहत तीन राजमार्ग परियोजनाओं में से एक है। आरओएडीआईएस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जोस एंटोनियो लैबरा ने सफल बॉन्ड निर्गम पर संतोष व्यक्त करते हुये एक बयान में कहा, “ भारत हमारे लिए एक प्रमुख प्रमुख बाजार है और यह सफल बॉन्ड निर्गम देश के प्रति हमारी अटूट दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वीएएच का वित्तपोषण अभिनव वित्तपोषण समाधान खोजने की हमारी क्षमता को दर्शाता है।”
ड्यूश बैंक ने इस लेन-देन में एकमात्र वैश्विक समन्वयक के रूप में काम किया, और एचएसबीसी और सोसाइटी जनरल के साथ संयुक्त बुक-रनर के रूप में काम किया।
