ग्वालियर: महाशिवरात्रि पर्व पर रात 12 बजे ही शिवालयाें के दरवाजे खुल गए, इसके साथ ही मंदिराें में बम-बम भाेले की गूंज सुनाई दे रही है। यहां मौजूद भक्तों ने पट खुलते ही हर-हर महादेव, बम बम भोले, ओम नम: शिवाय के जयकारों के साथ मंदिरों में प्रवेश कर अपने आराध्य देवों के देव महादेव के दर्शन कर पूजा अर्चना की। इसके पहले महादेव का महाभिषेक हुआ, जिसके बाद आरती की गई, फिर भक्तों का मंदिर में प्रवेश और दर्शन,पूजा अर्चना का सिलसिला शुरू हुआ।
साथ ही कांवरियों ने शिवजी पर गंगाजल चढ़ाया। जिसके लिए शहर के शिवालयों में विशेष व्यवस्था की गई है। इस दौरान शिवालयों को आकर्षक विद्युत सज्जा के साथ फूलों से सजाया गया है। साथ ही महिला-पुरुष दर्शनार्थियों की लिए मंदिर में प्रवेश और निकासी की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। शिवालयों पर भक्तों की सुरक्षा व्यवस्था में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पुलिस भी तैनात है। शहर के अचलेश्वर, कोटेश्वर, गुप्तेश्वर, भूतेश्वर, हजारेश्वर, मारकंडेश्वर, गिरगांव महादेव सहित शहर के सभी शिव मंदिरों पर श्रद्धालु अपने आराध्य महादेव के दर्शन कर पूजा अर्चना कर रहे हैं।
