जिले भर में शुरू हो गई थी नाके बंदी, गुलरिहा में बोलेरो के साथ पकड़ाया युवक, जयंत पुलिस चौकी की कार्रवाई
सिंगरौली : एनसीएल जयंत परियोजना में प्रायवेट सिक्योरिटी कम्पनी में कार्यरत एक सुपरवाइजर को अगवा कर बोलेरो वाहन से भाग रहे एक युवक को नाकेबंदी कर पुलिस ने चितरंगी के रास्ते में गुलरिहा गांव के मार्ग में दबोचते हुए युवक को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की हैं। वही अगवा सुपरवाइजर को सकुशल बरामद कर लिया गया। अपहरण का मुख्य कारण केवल लेन-देन का था।
जयंत पुलिस चौकी से मिली जानकारी अनुसार फरियादी गंगा सिंह एनसीएल जयंत परियोजना में प्रायवेट सिक्योरिटी कम्पनी आशीष शर्मा सिक्योरिटी एजेन्सी ने रिपोर्ट करते हुए बताया कि ड्यूटी स्थल तक पहुंचाने के लिए कैम्पर वाहन क्रमांक एमपी 04 जेडएफ 1507 लगी हैं। जिसका चालक राहुल साहू है तथा सुरक्षा गार्डों की ड्यूटी की देखरेख के लिए सुपरवाइजर हरेन्द्र प्रसाद को तैनात किया गया। बीती रात करीब 3 बजे इनके दूसरे सुपरवाइजर उमेश पाण्डेय ने बताया कि वाहन कैम्पर चालक राहुल साहू अपने साथ हरेन्द्र प्रसाद को रात करीब 2:30 बजे कम्पनी कैम्प के बाहर से जब वह गार्डो को चेक करने के लिए बाहर निकले थे तभी जबरन ले गया हैं। कहां कि जब तक बकाया पैसा नही दोगें हरेन्द्र को नही छोडू़ंगा तथा मेरे को ढंूढ़ भी नही पाओगे।
रिपोर्ट पर जयंत पुलिस ने धारा 140 (3) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल सायबर सेल की सहायता से आरोपी का लोकेशन लिया गया। आरोपी बोलेरो कैम्पर लेकर जयंत से चितरंगी तरफ भाग रहा था। जिस पर तत्काल चौकी प्रभारी जयंत द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और थाना मोरवा, चौकी कसर एवं चितरंगी का स्टॉफ नांकेबंदी कर लिया। कार्रवाई एसपी के निर्देश पर विंध्यनगर टीआई अर्चना द्विवेदी के देखरेख में चौकी प्रभारी जयंत उनि सुधाकर सिंह परिहार, सउनि राजवर्धन सिंह, राजेश द्विवेदी, श्यामबिहारी द्विवेदी, प्रआर सुनील मिश्रा, वीरेन्द्र पटेल, महेश पटेल, जीवन सिंह, प्रआर त्रिभुवन मिश्रा, धर्मेन्द्र सोनी, आर रियाज आलम एवं चौकी कसर से सउनि रामायण द्विवेदी प्रआर विष्णु रावत आर अरविन्द्र सिंह सहित अन्य की सराहनीय भूमिका रही।
सुकहर गांव का रहने वाला हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी राहुल साहू पिता लल्ला प्रसाद साहू उम्र 26 वर्ष निवासी सुकहर थाना चितरंगी के बोलेरो कैम्पर से अपहृत व्यक्ति हरेन्द्र प्रसाद पिता श्यामलाल उम्र 58 वर्ष निवासी सोनमानी थाना करमवीरपुर जिला गाजीपुर उ.प्र. हाल-पता मेसर्स आशीष सिक्योरिटी कम्पनी कैम्प जयंत थाना विन्ध्यनगर को बोलेरो कैम्प के साथ ग्राम गुलरिहा थाना चितरंगी में दबोचते हुए आज दिन सोमवार को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया हैं।
