
शाजापुर में 172 केंद्रों पर शुरू हुई 5वीं व 8वीं की परीक्षा
शाजापुर, 24 फरवरी. शाजापुर जिले में सोमवार से कक्षा पांचवीं और आठवीं की बोर्ड परीक्षा शुरू हुई. यह परीक्षा दोपहर 2 से शाम 4.30 बजे तक आयोजित की गई. जिला मुख्यालय स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय ज्योतिनगर में बच्चों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से उन्होंने टाटपट्टी पर बैठकर परीक्षा दी.
डीपीसी अनुराग पांडे ने बताया कि राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देश अनुसार परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली थी. जिला स्तर पर इस बार 37 संकुलों में 172 परीक्षा केंद्र बनाए हैं. जहां केंद्र अध्यक्ष व सहायक केंद्र अध्यक्ष सहित पर्यवेक्षक ड्यूटी कर रहे हैं. ज्योतिनगर स्कूल में बैठक व्यवस्था को लेकर आपके माध्यम से जानकारी मिली है. पहला दिन है. कोई परेशानी होगी, तो इसे ठीक करेंगे. इस परीक्षा में 5वीं के 14802 और 8वीं के 16503 परीक्षार्थी शामिल हुए थे.
आज से शुरू होगी 12वीं बोर्ड परीक्षा
नलखेड़ा, मंगलवार से बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी. कक्षा 12वीं के पहले पेपर के साथ ही इनका शुभारंभ होगा. नलखेड़ा ब्लॉक के 6 केंद्र बनाए गए. वहीं इसके लिए शिक्षा विभाग ने सभी तैयारियां कर ली हैं. सभी जगह पेपर और उत्तर पुस्तिकाएं पहुंचाने के साथ ही केंद्रों पर सुरक्षा के सभी इंतजाम किए जा चुके हैं. विभाग ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था की है. कक्षा 12वीं की परीक्षा हिंदी विषय के पेपर के साथ शुरू होगी. परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी. छात्रों को सुबह 8.30 बजे तक केंद्र पर पहुंचना होगा. गंभीर स्थिति में 8.40 तक छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा. वहीं कलेक्टर प्रतिनिधि सुबह 8.45 बजे केंद्राध्यक्ष के कक्ष में प्रश्न पत्र के बॉक्स खोलेंगे और प्रश्न पत्र सुबह 8.55 बजे खोला जाएगा. कक्षा 12वीं की परीक्षा पूरे एक माह चलेंगी. पहला पेपर 25 फरवरी को हिन्दी का तथा आखरी पेपर 25 मार्च को गणित विषय का होगा.
हिन्दी-अंग्रेजी के पेपर से हुआ श्रीगणेश
सुसनेर, बोर्ड पेर्टन पर सोमवार से कक्षा 5वीं और 8वीं वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गई हैं. पहले दिन दोपहर 2 बजे से साढ़े 4 बजे के बीच हिंदी और अंग्रेजी विषय की परीक्षाएं आयोजित की गई. सुसनेर विकासखंड में कुल 25 परीक्षा केन्द्र बनाए गए. जिन पर कक्षा 5वीं के 2553 एवं कक्षा 8वीं के 2635 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी. मंगलवार से कक्षा 12 वीं के बच्चों का इम्तिहान शुरू हो जाएगा. कक्षा 12 वीं के 1402 बच्चे परीक्षा में सम्मिलित होंगे. बोर्ड पेर्टन पर आयोजित हो रही कक्षा 5वीं और 8 वीं के अलावा एमपी बोर्ड की हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी की वार्षिक परीक्षाओं के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. मुख्य द्वार पर परीक्षार्थियों की तलाशी के बाद ही उन्हें अंदर प्रवेश दिया जा रहा है. केंद्रों पर पुलिस बल तैनात करने के अलावा मोबाइल सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं है. परीक्षा की निगरानी के लिए अधिकांश परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. इसके अलावा आज से शुरू हो रही बोर्ड की परीक्षा का निरीक्षण करने के लिए उडऩदस्ते की टीम भी बनाई गई है, जो सभी परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लेगी.
मो.बड़ोदिया में बनाए 44 परीक्षा केंद्र
मोहन बड़ोदिया, कक्षा 5वीं और 8वी की वार्षिक परीक्षा के लिए जनपद शिक्षा केंद्र मोहन बड़ोदिया अंतर्गत विकासखंड मोहन बड़ोदिया के 9 जनशिक्षा केंद्रों के कुल 44 परीक्षा केंद्र बनाए गए. जिनमे 329 स्कूल के छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए. जिनमें 5वीं के कुल 3133 और 8वीं के कुल 3434 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं. जानकारी मोहन बड़ोदिया प्रभारी बीआरसी ब्रजमोहन कारपेंटर ने दी.
