भोपाल, 23 फरवरी (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसदों और विधायकों से चर्चा कर उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा भी मौजूद रहे।
श्री मोदी राज्य की यात्रा के पहले दिन छतरपुर जिले की यात्रा के बाद शाम लगभग सवा पांच बजे यहां आए और स्टेट हैंगर से सीधे कुशाभाऊ ठाकरे सभागार परिसर पहुंचे। वहां उन्होंने श्री ठाकरे की प्रतिमा के समक्ष श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद सख्त सुरक्षा प्रबंधों के बीच सभागार में श्री मोदी ने पार्टी सांसदों, विधायकों और पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
इस संबंध में श्री मोदी ने रात्रि में सोशल मीडिया एक्स के जरिए कहा, “मध्यप्रदेश के भाजपा सांसदों और विधायकों से चर्चा का सुअवसर मिला। इस दौरान जनता जनार्दन के प्रति उनके समर्पण और सेवाभाव को लेकर बातचीत हुयी। हमारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उन तक कैसे पहुंचे, इसे लेकर उनसे बहुत सार्थक विचार विमर्श हुआ है।” उन्होंने सिलसिलेवार पोस्ट में कहा, “भोपाल में श्रद्धेय कुशाभाऊ ठाकरे जी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उनका जीवन देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रेरित करता रहा है। सार्वजनिक जीवन में भी उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।”
श्री मोदी की पार्टी सांसदों विधायकों और पदाधिकारियों के साथ बैठक देर शाम तक चली। इसके बाद श्री मोदी पास ही स्थित राजभवन पहुंचे। प्रधानमंत्री राजभवन में ही रात्रिविश्राम के बाद कल 24 फरवरी को सुबह यहां ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे यहां से रवाना हो जाएंगे। समिट दो दिन तक चलेगा और इसके अंतिम दिन 25 फरवरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आएंगे।
इसके पहले श्री मोदी आज दिन में छतरपुर जिले के गढ़ा स्थित बागेश्वर धाम पहुंचे और वहां पर कैंसर अस्पताल की आधारशिला रखी। उन्होंने लोगों को संबोधित भी किया। इस अवसर पर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र शास्त्री और अन्य लोग भी मौजूद रहे। इस आयोजन के बाद प्रधानमंत्री शाम को भोपाल पहुंचे।
