इंदौर:बेटमा पुलिस ने सात साल से फरार 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश उपेंद्र उर्फ भूपेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पर अपहरण, फिरौती और जबरन वसूली सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज था.ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने बताया कि इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था.
इसी अभियान के तहत, बेटमा थाना प्रभारी संजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष योजना बनाई और उसे गिरफ्तार कर लिया. 27 वर्षीय आरोपी उपेंद्र उर्फ भूपेंद्र यादव निवासी ग्राम नागभर, तहसील व जिला देवरिया (उत्तर प्रदेश) पर साल 2017 से अपहरण और पास्को एक्ट सहित कई मामलों में केस दर्ज थे. जिसके चलते पुलिस ने आरोपी पर दस हजार का इनाम घोषित किया था. पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा और आगे की पूछताछ जारी है.
