
जबलपुर। अधारताल थाना अंतर्गत सुहागी पन्नी मोहल्ला स्थित एक रिहायशी मकान में लंबे समय से चल रहे अवैध सेक्स रैकेट का पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से रैकेट की मुख्य संचालिका, उसके पति, बेटे और तीन ग्राहकों को रंगे हाथों पकड़ा है। इसके साथ ही पुलिस ने मकान से एक पीड़ित महिला को भी मुक्त कराया है, जिसे जबरन इस दलदल में परोसा जा रहा था।
जानकारी अनुसार पुलिस को पिछले काफी समय से सूचना मिल रही थी कि सुहागी पन्नी मोहल्ला के एक मकान में अनैतिक और संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। रिहायशी इलाका होने के कारण पुलिस बिना पुख्ता सबूत के कार्रवाई नहीं करना चाहती थी। सूचना की तस्दीक और आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ने के लिए पुलिस ने एक अचूक रणनीति तैयार की।
पंटर ने पक्की की डील, फिर पुलिस ने बोला धावा-
योजना के तहत पुलिस टीम ने सबसे पहले एक ‘पंटर’ (फर्जी ग्राहक) तैयार किया। इस फर्जी ग्राहक को सौदेबाजी के लिए उस संदिग्ध मकान के भीतर भेजा गया। जैसे ही मकान के अंदर फर्जी ग्राहक और संचालिका के बीच देह व्यापार का सौदा तय हुआ, पंटर ने बाहर मुस्तैद खड़ी महिला थाने की पुलिस टीम को इशारा कर दिया। संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने बिना एक पल गंवाए मकान पर अचानक छापा मार दिया। पुलिस की इस औचक दबिश से पूरे इलाके और मकान के भीतर हड़कंप मच गया।
पुलिस ने मौके से सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। महिला और पुरुष आरोपियों को तुरंत आगे की वैधानिक कार्रवाई और गहन पूछताछ के लिए महिला थाना स्थानांतरित कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस रैकेट के तार शहर के अन्य हिस्सों से भी जुड़े हो सकते हैं, जिसका जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
