लोकायुक्त द्वारा घूस लेते पकड़े गए 3 अधिकारी निलंबित

इंदौर:लोकायुक्त पुलिस इंदौर की ट्रैप कार्रवाई में रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़े गए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के तीन अधिकारियों को राज्य शासन ने निलंबित कर दिया है. सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा मुख्यालय से निलंबन आदेश जारी किए हैं.निलंबित अधिकारियों में एक्जीक्यूटिव इंजीनियर जयदेव गौतम, एसडीओ टी.के. जैन और सब इंजीनियर अंशु दुबे शामिल हैं. यह कार्रवाई लोकायुक्त पुलिस द्वारा की गई गिरफ्तारी के बाद की गई प्रशासनिक कार्रवाई के तहत की गई है.

लोकायुक्त पुलिस ने पिछले दिनों कार्रवाई करते हुए एक्जीक्यूटिव इंजीनियर जयदेव गौतम को पलासिया स्थित शासकीय आवास पर 1.5 लाख रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा था. इसी कार्रवाई के दौरान एसडीओ टीके जैन को विभागीय कार्यालय परिसर में 1 लाख रुपए लेते गिरफ्तार किया था. वहीं सब इंजीनियर अंशु दुबे पर 1 लाख रुपए की मांग का आरोप था, हालांकि तय राशि से कम रकम मिलने पर उसने राशि नहीं ली, उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका.

बिल भुगतान के एवज में ठेकेदार से ले रहे थे 3.5 लाख की घूस
मामला धार जिले के ठेकेदार राजपाल सिंह पवार (संचालक पटेल श्री इंटरप्राइजेस) की शिकायत पर सामने आया था. शिकायत में बताया गया था कि उनकी फर्म द्वारा वर्ष 2023 में करीब 4.73 करोड़ रुपए का सड़क निर्माण कार्य किया था. कार्य पूर्ण होने के बाद अंतिम बिल भुगतान के एवज में 3.5 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की गई थी. शिकायत के आधार पर लोकायुक्त पुलिस ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया और दो अधिकारियों को मौके से पकड़ लिया. लोकायुक्त एसपी डॉ. राजेश सहाय की रिपोर्ट के आधार पर राज्य शासन ने तीनों अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है.

Next Post

बेबी शार्क पर थिरकीं कियारा आडवाणी, सिद्धार्थ मल्होत्रा ने कैमरे में कैद किया क्यूट वीडियो

Fri May 1 , 2026
कियारा आडवाणी का ‘बेबी शार्क’ गाते हुए क्यूट वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें सिद्धार्थ मल्होत्रा उन्हें रिकॉर्ड करते नजर आए। फैंस इस वीडियो को उनकी बेटी सरायाह से जोड़ रहे हैं। बॉलीवुड की सबसे चर्चित जोड़ियों में से एक कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ […]

You May Like