भोपाल, 20 फरवरी (वार्ता) रेलवे सुरक्षा आयुक्त (सीआरएस) मनोज अरोड़ा द्वारा भोपाल-रामगंज मंडी नई रेल लाइन के संत हिरदाराम नगर से जरखेड़ा स्टेशन तक का निरीक्षण 21 फरवरी को किया जाएगा।
पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) के भोपाल रेल मंडल के प्रवक्ता ने आज बताया कि भोपाल-रामगंज मंडी नई रेल लाइन के संत हिरदाराम नगर से जरखेड़ा स्टेशन तक 21 किमी खंड का रेलवे सुरक्षा आयुक्त (सीआरएस) मध्य क्षेत्र, मुंबई श्री अरोड़ा द्वारा 21 फरवरी को निरीक्षण किया जाएगा। यह निरीक्षण इस नई रेल लाइन की सुरक्षा और यात्री ट्रेनों के संचालन के लिए उसकी उपयुक्तता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि नव निर्मित रेलवे लाइनों को यात्री ट्रेनों के लिए सुरक्षित घोषित करने से पहले सीआरएस द्वारा उनकी जांच की जाती है, जिससे पता चलता है कि रेलवे लाइन सभी सुरक्षा मानकों पर खरी है। उन्होंने बताया कि इस नई रेलवे लाइन की कुल लंबाई 276 किमी है, जो भोपाल से रामगंज मंडी तक निर्मित की जा रही है। इस रेल खंड का भोपाल से ब्यावरा तक का 111 किमी हिस्सा भोपाल रेल मंडल के तहत आता है, जबकि शेष लाइन कोटा रेल मंडल के तहत आती है।
उन्होंने बताया कि इस रेलवे परियोजना में 26 स्टेशन प्रस्तावित हैं, जिसमें भोपाल रेल मंडल में 111 किमी लाइन और 12 स्टेशनों के निर्माण के लिए 1,255 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। परियोजना को दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि भोपाल-रामगंज मंडी रेल परियोजना के तहत संत हिरदाराम नगर-निशातपुरा डी केबिन खंड में 100 प्रतिशत और जरखेड़ा -संत हिरदाराम नगर खंड में 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हुआ है, जबकि ब्यावरा-सोनकच्छ खंड में 45 प्रतिशत, सोनकच्छ -नरसिंहगढ़ खंड में 15 प्रतिशत, नरसिंहगढ़-कुरावर खंड में 10 प्रतिशत, कुरावर-शामपुर खंड में 30 प्रतिशत, शामपुर- जरखेड़ा खंड में 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण हुआ है।
उन्होंने कहा कि भोपाल-रामगंज मंडी रेल लाइन का निरीक्षण रेलवे की बुनियादी ढांचे में विस्तार और यात्री सुविधा को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस नई लाइन से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, यात्रा समय में कटौती होगी और क्षेत्र का सामाजिक एवं आर्थिक विकास भी तेज़ी से होगा।

