
दिल्ली, पंजाब और गुजरात को बनाते थे निशाना, इंदौर से तीन गिरफ्तार, एक फरार
इंदौर. ताला-चाबी बनाने की आड़ में देशभर में चोरी करने वाले सिकलीगर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. एमआईजी पुलिस ने आकाश नगर से तीन सिकलीगरों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक साथी फरार है. गिरोह खासतौर पर दिल्ली, पंजाब और गुजरात में बड़ी वारदातों को अंजाम देता था.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी समित पिता सुनारसिंह, बलवीरसिंह और रामराज लंबे समय से चोरी की वारदातों में शामिल थे. उनका एक अन्य साथी गुरदीप सिंह फरार है. गिरोह के सदस्य पहले चाबी बनाने के बहाने इलाकों की रैकी करते थे. फिर मौका मिलते ही सूने मकानों को निशाना बनाकर लाखों के जेवर और नकदी उड़ा ले जाते थे.पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि ये बदमाश चोरी करने के लिए सिर्फ ट्रेनों से ही नहीं, बल्कि फ्लाइट से भी यात्रा करते थे. वहां पहुंचकर ये धार्मिक स्थलों या सस्ते होटलों में रुकते और फिर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे. इनके पास से लाखों के जेवर बरामद किए गए हैं.
दिल्ली पुलिस भी कर रही थी तलाश
सूत्रों के अनुसार, इस गिरोह के कई सदस्य दिल्ली पुलिस को भी वांछित हैं. दिल्ली पुलिस कई बार इंदौर में इनकी तलाश में आ चुकी है. इसके अलावा, ये गिरोह कई बार देसी पिस्टल की तस्करी में भी पकड़ा गया है और कुछ मामलों में लूटपाट की वारदातों में भी शामिल रहा है.
गुजरात और खरगोन के गिरोह से भी संपर्क
पुलिस को संदेह है कि इनका गुजरात और खरगोन के सिकलीगर गिरोह से भी सीधा संपर्क है. कई बार ये आपस में मिलकर बड़ी चोरियां करते थे. फिलहाल तीनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है, जिससे और वारदातों के खुलासे की उम्मीद है. फरार आरोपी की तलाश जारी है.
