शिवाय अपहरण कांड के मुख्य आरोपी का एनकाउंटर

 

*पुलिस ने भोला गुर्जर को किया गिरफ्तार, अब तक 5 पकड़े गए, दो हैं फरार*

नवभारत न्यूज

ग्वालियर। एक करोड़ रुपए की फिरौती के लिए 6 साल के शिवाय के अपहरण मामले में पुलिस ने तिघरा रोड पर शॉर्ट एनकाउंटर के बाद मुख्य आरोपी भोला गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले बुधवार को एसआईटी ने दो अन्य आरोपी मोनू गुर्जर और भूरा गुर्जर को गिरफ्तार किया था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों का जुलूस निकालकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया। आरोपियों को सात नंबर चौराहे के पास स्थित सीपी कॉलोनी तक ले जाया गया। यह वही जगह है जहां से शिवाय का अपहरण किया गया था। मुरार पुलिस ने घटनास्थल पर क्राइम सीन रिक्रिएट भी किया।

एसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि केस का मुख्य आरोपी भोला गुर्जर है। उसने बच्चे को मां से छुड़ाकर बाइक पर बिठाया था। उस पर पहले भी हत्या का मामला दर्ज है। इसकी लगातार हमारी टीम सर्चिंग कर रही थी।

एसपी ने बताया कि मुरार थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि भोला तिगरा क्षेत्र से किसी वाहन से भागने वाला है। नाकाबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया गया तो उसने पिस्टल से फायरिंग की। पुलिस टीम ने अपने को बचाते हुए फायरिंग की जिसमें वह घायल हुआ है। उसे लेकर जेएच हॉस्पिटल पहुंचे हैं। भोला गुर्जर के पैर में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया।

*शिवाय के अपहरण में 7 बदमाश थे शामिल*

13 फरवरी को ग्वालियर की सीपी कॉलोनी से 6 साल के शिवाय का बाइक सवार दो बदमाशों ने अपहरण किया था। उसी दिन पुलिस की सख्त नाकाबंदी के चलते वह शिवाय को मुरैना में छोड़कर भाग गए थे। जिसके बाद हाल ही में मुरैना पुलिस ने वारदात में शामिल आरोपी बंटी गुर्जर और राहुल गुर्जर को शॉर्ट एनकाउंटर में पकड़ा था।

*एसआईटी ने मोनू गुर्जर और भूरा गुर्जर को भी पकड़ा*

ग्वालियर पुलिस की एसआईटी ने मोनू गुर्जर और भूरा गुर्जर को बुधवार को धर दबोचा। दोनो ने पूछताछ में बताया कि कुल 7 लोगों ने मिलकर शिवाय अपहरण कांड को अंजाम दिया था। मोनू गुर्जर और भूरा गुर्जर ने शिवाय की रेकी की। इन दोनों ने अपहरण की प्लानिंग की और घर में छिपाकर रखा। आरोपी राहुल कंसाना अभी फरार है, जो बच्चे के अपहरण के दौरान बाइक चला रहा था। इसके साथ ही इन सभी के खाने-पीने की व्यवस्था करने वाला धम्मू उर्फ धर्मेंद्र गुर्जर भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। वहीं मुरैना पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर में बंटी उर्फ मोहन सिंह गुर्जर और राहुल पुत्र भूरा गुर्जर को घटना के दो दिन बाद पकड़ लिया था। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई लाल रंग की बाइक भी बरामद कर ली है। यह दोनों आरोपी शिवाय के घर की रेकी कर रहे थे। शॉर्ट एनकाउंटर में पकड़े गए आरोपी भोला गुर्जर ने मां की आंखों में मिर्ची डालकर बाइक पर बैठाया था।

Next Post

भोपाल गैस त्रासदी: मेडिकल रिपोर्ट का डिजिटलीकरण का कार्य हो जायेगा 6 माह में पूर्ण 

Wed Feb 19 , 2025
  सरकार की तरफ से पेश किया गया हलफनामा जबलपुर। भोपाल गैस त्रासदी से पीड़ित व्यक्तियों के मेडिकल रिपोर्ट का डिजिटलीकरण कार्य के लिए अतिरिक्त मशीनें लगाई गई है। प्रतिदिन 20 हजार पृष्ठों का डिजिटलीकरण कार्य किया जा रहा है। लगभग 17 लाख पृष्ठों का डिजिटलीकरण 6 माह में पूर्ण […]

You May Like