विस्फोट के ढह गया कबाड़ गोदाम, 5 किमी का क्षेत्र थर्राया

संशोधित…….

मलबे में हाथ-पैर कटे मिले, 2 श्रमिकों के मृत होने की आशंका

 

धमाकों की गूंज सुन बाहर निकले लोग बोले भूंकप जैसे झटके हुए महसूस

 

 

जबलपुर। खजरी खिरिया बायपास के पास कबाड़ गोदाम में गुरूवार सुबह जोरदार विस्फोट होने के बाद भीषण आग लग गई। धमाकों से कबाड़ गोदाम ढह गया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के पांच किलोमीटर के दायरे का इलाका थर्रा गया। धमाकों की गूंज सुनकर लोगों को भूकंप जैसा अहसास हुआ।  विस्फोट में दो श्रमिकों के मृत होने की अशंका है। देर रात तक पुलिस प्रशासनिक अमला बीबीएस, एफएसएल टीमें रेस्क्यू में लगी रहीं। बताया जाता है कि विस्फोट के बाद गोदाम का क्षेत्र इतना गर्म हो गया था दिन भर रेस्क्यू नहीं हो सका। सूत्रों की माने तो  जिस समय फैक्ट्री में ब्लास्ट हुआ वहां कई मजदूर काम कर रहे थे। ब्लास्ट के बाद कई लोगों के हाथ-पैर कटे हुए नजर आए हैं। कुछ मजदूर घायल भी हुए हैं। जिन्हें एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया है।

 

ऐसा रहा घटनाक्रम

आधारताल थाना अंतर्गत खजरी खिरिया बायपास के पास स्थित  शमीम कबाड़ी का कबाड़ का गोदाम है। गुरूवार सुबह 10 बजे से 10 से 15 श्रमिक रोजाना की तरह अपने काम में जुटे हुए थे। सुबह करीब 11:41 बजे अचानक धमाकेदार विस्फोट हुआ जिसके बाद मौके अफरा-तफरी मच गई। अधिकांश श्रमिक तो जान बचाकर भाग निकले लेकिन धमाकों से गोदाम का छप्पर समेत पूरा गोदाम उड़ गया और कुछ श्रमिक मलबे में दब गए। अधिकारियों ने दो लोगों के मारे जाने की आशंका जताई  है।

 

 

पूरा गोदाम किया गया सील, प्रवेश पर लगाई रोक

हादसे के बाद सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला पहुच गया और पूरे गोदाम को सील कर प्रवेश पर रोक लगाते हुए जांच पड़ताल में जुट गया था।  विस्फोट के बाद मलबे में मानव के कटे हुए अंग मिले हैं। इससे आशंका व्यक्त की जा रही है कि इस विस्फोट में मजदूर के जान माल की क्षति हुई है। देर रात तक रेस्क्यू जारी रहा।

 

कई घरों में आई दरारें

बताया जा रहा है कि विस्फोट इतना भीषण था कि आसपास के 5 किलोमीटर का क्षेत्र दहल गया। धमाके से भूकंप जैसा अहसास हो रहा था। लोग घरों से बाहर निकल आए थे। धमाके के बाद आसपास के एक से डेढ़ किलोमीटर के दारे में मौजूद घरों की दीवारों में दरार देखी गई हैं। कई लोगों के घरों को नुकसान भी हुआ है।

 

ओएफके में बनने वाले बमों के खोखे मिले!

सूत्रों की माने  गोदाम हजारों वर्ग फिट से ज्यादा में फैला हुआ है। उक्त जमीन सरकारी है या निजी, इसकी जांच के लिए कलेक्टर दीपक सक्सेना ने अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए है। सूत्रों की माने तो गोदाम से मौके से बड़ी संख्या में केंद्रीय सुरक्षा संस्थान आयुध निर्माधी खमरिया में बनने वाले बम के खोखे भी मिलने की खबर है।  मौके पर कई बमों के खोखे मिले हैं। जिसको लेकर पुलिस टीम और आयुध निर्माणी खमरिया महाप्रबंधक सहित अन्य अधिकारियों के बीच चर्चा भी हुई है।  ऐसा भी कहा जा रहा है कबाड़ गोदाम में लोहे के अलावा अवैध सामान भी भारी मात्रा में रखा रहा, जिसकी जांच की जा रही है।

 

कटे हुए हाथ पैर मिले

सूत्रों की माने तो  एक शव क्षत विक्षप्त हालत में बरामद कर लिया गया है जिसके काथ-पैर कटे हुए मिले है। शव को पीएम के लिए भिजवा दिया गया है।

शमीम फरार, पुत्र से पूछताछ

शमीम कबाड़ी फरार है। पुलिस उसके पुत्र को हिरासत मेें लेकर पूछताछ कर रही है।  पुलिस सूत्रों की माने तो शमीम अधारताल थाने में दर्ज एक प्रकरण में भी फरार है।  गोदाम को शमीम कबाड़ी का पुत्र और उसके खास गुर्गे लम्बे समय से संचालित कर रहे थे।

 

हरदा धमाके की यादें हुई ताजा

विदित हो कि इस हादसे के बाद हरदा हादसे की यादें भी ताजा हो गइ्र है।  हरदा में 7 फरवरी को अवैध बम पटाखे की फैक्ट्री में आग लग गई थी और एक के बाद हुए धमाकों में 14 लोगों की जान चले गई थी।

गैस सिलेंडर या बम में विस्फोट

सूत्रों की माने तो गोदाम में स्क्रैप,  गैस कटर वाले सिलेंडर समेत कुछ बम भी थे। अब धमका गैस सिलेंडर या बम में विस्फोट होने से हुआ है इसका पता नहीं चल सका है। मामले की जांच जारी है।

कमानिया तक सुनाई दी गूंज

धमाके की आवाज से महाराजपुर कमानिया दहला।  इससे धमाके का अंदाजा लगाया जा सकता है कबाड़ में हुआ धमाका इतना शक्तिशाली था। करीब एक से डेढ़ किलोमीटर तक में मौजूद घरों की दीवारों कारखाने आदि आवासी मकान में दरारें आ गई और घर भी बहुत से डैमेज हो गए हैं।

ऐरिया इतना गरम की शाम में शुरू हुआ रेस्क्यू

सूचना मिलते ही एम्बुलेंस, फायर बिग्रेड की तीन गाडिय़ां, बीबीएस, एफएसएल टीमें पहुंच गई थी। लेकिन जिस गोदाम में विस्फोट हुआ वहां फायर बिग्रेड ने आग पर तो काबू पा लिया लेकिन वहां का ऐरिया इतना गरम रहा कि घंटों बीत गए पूरा दिन बीत गया परंतु रेस्क्यू शुरू नहीं हो सकता। देर रात तक जारी रहा लेकिन अधिकारी घटना किन कारणों से हुई, कितने लोगों की मौत हुई कुछ भी बताने से बचते रहे।

 

 

पड़ोसी बोले: घर दहले, भूंकप जैसे रहे झटके, दीवारों में आई दरारे

गोदाम के पीछे रहने वाले एक परिवार ने बताया कि धमके बाद ऐसा लगा कि जैसे मानों भूकंप आ गया है लेकिन जब बाहर निकले तो पता चला कि गोदाम में ब्लास्ट हुआ है। धमके  से घरों की दीवारों मेंं दरारे आ गई है। गोदाम के बाजू से रहने वाली महिला ने बताया कि धमके से घर दहल गया था बच्चे के ऊपर कांच आकर गिर गया जिसमें वह बाल-बाल बच गया। रो-रोते महिला ने कहा कि इस घटना के जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई होना चाहिए।

 

 

इनका कहना है

पूरा घर हिल गया, क्षतिग्रस्त हुआ सामान

जबरदस्त धमका हुआ। पूरा घर हिल गया था। घटना 11:41 बजे उस वक्त हुई जब  परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने काम पर लगे हुए थे। बाहर निकलकर देखा तो पता चला कि गोदाम में आग लगी है। घर का सामान भी क्षतिग्रस्त हुआ है।  सीसीटीव्ही कैमरे में भी यह घटना कैद हुई है।

जमाल अख्तर बैग

 

बम से धमका, हिल गई धरती

ऐसा धमकाया हुआ कि धरती हिल गई थी घटना के समय मैं अपने खेत में काम कर रहा था। इसी समय जोरदार धमका हुआ। मां घबरा गई। गोदाम में बम फटे है। यहां खमरिया फैक्ट्री से बम आते है। इसके पूर्व में भी हादसे हो चुके है।

राजू पटेल

 

 

देरी से पहुंचा पुलिस-प्रशासन

इतना बड़ा विस्फोट कैसे हुआ इसकी पूरी जांच होना चाहिए। धमाका इतना जोरदार रहा कि महाराजपुर कमानिया तक सुनाई दिया। सूचना देने के बाद पुलिस प्रशासन नहीं पहुंचा। विधायक इंदु तिवारी द्वारा सूचित किए जाने के बाद अमला पहुंचा। ब्लास्ट काफी तेजी से हुआ था।

मनीष तिवारी

 

25 साल से काम करता चाचा ससुर लापता

मेरे चाचा ससुर भोला राम भूरिया 25 साल से यहां लोहा कटिंग का करते थे। गुरूवार को सुबह काम पर आए थे लेकिन हादसा होने के बाद से उनका कोई पता नहीं चला है कोई उनके बारे में जानकारी नहीं दे रहा है। सब बोल रहे है पता कर रहे हैं बताते है।

बीना ठाकुर भूमिया

 

 

क्या बोले अधिकारी

मामलेे की जांच की जा रही है, दो लोगों की मौत की आशंका है। जिनकी तलाश की जा रही है हादसा किन कारणों से हुआ पता लगाया जा रहा है मामले की विस्तृत जांच जारी है।

अनिल सिंह कुशवाहा, पुलिस महानिरीक्षक, जबलपुर जोन

 

 

जहां विस्फोट हुआ है, वहां का स्थान काफी गरम है और चारों ओर मलबा फैला हुआ रहा जिसके ठंडा होने के बाद बीडीएस की टीम के साथ ही डॉग स्क्ववॉड की टीमें जांच कर रहीं है। गैस सिलेंडर में विस्फोट होने की बात संदिग्ध लग रही है। जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कह पाना संभव होगा।

सोनाली दुबे, एएसपी

 

 

Next Post

सडक़ हादसे में एक युवक की मौत

Thu Apr 25 , 2024
दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत   नीमच। जावद थाना क्षेत्र के खोर में विक्रम सीमेंट फैक्ट्री के सामने बुधवार शाम को एक सडक़ हादसे में दो बाइक की आमने-सामने की भिड़त में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रुप से घायल हो गया। जिला चिकित्सालय […]

You May Like