
चौड़ीकरण के मद्देनजर महाकाल थाना होगा स्थानांतरित
पुराने स्कूल की बिल्डिंग को रिनोवेट किया, कब होगा लोकार्पण
उधर दो नए थाने की घोषणा के बावजूद ,प्रक्रिया में ही उलझे
नवभारत न्यूज़
उज्जैन. विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकालेश्वर मंदिर से लेकर आसपास की सुरक्षा पूरे क्षेत्र की जिम्मेदारी जिस महाकाल थाने के कंधे पर है, उस थाने को शिफ्ट करने के लिए कई दिनों से उधेड़बुन का दौर चल रहा है. बिल्डिंग तैयार होने के बावजूद नए थाने का शुभारंभ नहीं हो पा रहा है.
मध्य प्रदेश टूरिज्म विभाग जिस होटल का संचालन करेगा इसका निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। उक्त होटल को जिस उद्देश्य के लिए बनाया गया है, उसके लिए आसपास चौड़ीकरण, विस्तारीकरण, सौंदर्यकरण करना प्रस्तावित है. इससे श्रद्धालु इतने महंगे होटल में आकर लुफ्त उठा सकेंगे. यही कारण है कि होटल के पास में जो थाना बना हुआ है उसे शिफ्ट करने के लिए पिछले 1 साल से मशक्कत की जा रही है बावजूद सफलता नहीं मिली है.
टीआई बोले आदेश नहीं आए
नवभारत से चर्चा में महाकाल थाना टीआई एनबीएस परिहार ने बताया कि महाकाल थाना वैसे तो अभी बेहतर स्थिति में है, बावजूद इसके चौड़ीकरण सौंदर्यकरण विस्तारीकरण के तहत थाने को शिफ्ट किया जाना है बावजूद इसके अभी कोई आदेश नहीं मिले हैं.
भारत माता मंदिर के सामने थाना होगा शिफ्ट
महाकाल मंदिर के बाहर भारत माता मंदिर के सामने स्कूल की बिल्डिंग को रिनोवेट किया गया है. वहीं पर महाकाल थाने को शिफ्ट किया जाएगा इसके लिए अभी जिम्मेदार अफसरों को आदेश जारी करना बाकी है, थाने के शिफ्ट नहीं होने से दूसरे निर्माण कार्य भी रुके हुए हैं.
लोकार्पण में रुचि नहीं
स्थानीय जनप्रतिनिधियों की माने तो महाकाल थाना यदि नई बिल्डिंग में शिफ्ट होता तो लोकार्पण में रुचि ली जाती. अधिकारियों का दबी जुबान से कहना है कि पुराने स्कूल की बिल्डिंग को रिनोवेट कर उसे थाना बनाया गया है, बोर्ड भी लगा दिया गया है, फर्नीचर भी कंप्लीट है, रंग रोगन हो चुका है बावजूद इसके लोकार्पण में किसी की रुचि नहीं होने से महाकाल थाने को शिफ्ट करने का काम अटका हुआ है.
दो और नए थाने बनेंगे
महाकाल मंदिर में जिस प्रकार से तेजी से श्रद्धालु आ रहे हैं ऐसे में दर्शनार्थियों की सुरक्षा से लेकर महाकाल लोक और मंदिर परिसर में होने वाले विवादों से निजात पाने के लिए एक और थाने की घोषणा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने की है, महाकाल लोक थाना इसे नाम दिया जाएगा. साथ ही एक थाना तपोभूमि क्षेत्र में बनेगा.
