चौधरी के प्रभारी बनने से कांग्रेस का एक वर्ग खुश

सियासत

कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने राजस्थान के हरीश चौधरी को मध्य प्रदेश का प्रभारी बनाया है. भंवर जितेंद्र सिंह को हटाकर हरीश चौधरी को लाया गया है. हरीश चौधरी अशोक गहलोत के समर्थक माने जाते हैं. प्रदेश के पुराने कांग्रेसी जानते हैं कि अशोक गहलोत और दिग्विजयसिंह के बीच पिछले 30 वर्षों से मित्रता है. जाहिर है भंवर जितेंद्र सिंह के जाने से प्रदेश अधक्ष जीतू पटवारी को एक तरह से फ्री हैंड मिल गया है. भंवर जितेंद्र सिंह के जाने से कांग्रेस का एक बड़ा वर्ग खुश नजर आ रहा है. दरअसल, शुक्रवार को देर शाम को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से पार्टी के 9 वरिष्ठ नेताओं को अलग अलग राज्यों की जिम्मेदारी दी गई. इस सूची में हरीश चौधरी का नाम भी है. चौधरी को मध्यप्रदेश का इंचार्ज बनाया गया है. चौधरी वर्तमान में बाड़मेर जिले के बायतु से कांग्रेस के विधायक हैं. मध्य प्रदेश का प्रभारी बनाए जाने से चौधरी का कद और बढ गया है. हरीश चौधरी पार्टी के आलाकमान गांधी परिवार के काफी नजदीकी नेता माने जाते हैं. वे पूर्व में लंबे समय तक पंजाब कांग्रेस के प्रभारी रह चुके हैं. कांग्रेस सरकार में वो गहलोत कैबिनेट के मंत्री थे. वर्ष 2009 से 2014 तक वे बाड़मेर जैसलमेर से कांग्रेस के टिकट पर सांसद भी रहे हैं. गांधी परिवार के पसंदीदा नेता होने की वजह से उन्हें पार्टी में हमेशा अहम जिम्मेदारी मिलती रही है. वे वर्ष 2014 से 2019 तक एआईसीसी के राष्ट्रीय सचिव भी रह चुके हैं. अब उन्हें मध्यप्रदेश कांग्रेस की जिम्मेदारी दी गई है. हरीश चौधरी मारवाड़ के दिग्गज नेताओं में गिने जाते हैं. वे छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय हो गए. वर्ष 1991 – 1992 में वे जोधपुर के जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष चुने गए थे. लंबे समय तक उन्होंने संगठन में काम किया और वर्ष 2009 में पार्टी हाईकमान ने उन्हें बाड़मेर जैसलमेर से लोकसभा चुनाव मैदान में उतारा. इस चुनाव में चौधरी ने जीत दर्ज की. वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में वे विधायक बने और गहलोत राज में उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया. नवंबर 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में भी हरीश चौधरी बायतु से विधायक बने. वे कांग्रेस के तेजतर्रार नेताओं में माने जाते हैं.

Next Post

बार-बार लगता है जाम, वाहन चालक होते हैं परेशान

Mon Feb 17 , 2025
मामला मूसाखेड़ी चौराहे का, फ्लाय ओवर के कारण सर्विस रोड पर है यातायात का भार   इंदौर. पिछले कुछ वर्षों में शहर में फ्लाय ओवर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है जिसमें से कुछ के बनने के बाद आम जनता को असुविधाओं से मुक्ति मिली है लेकिन देखा गया […]

You May Like