
टाउनहाल से प्रारंभ होकर सुभाष पार्क तक जाएगी शोभा यात्रा
सतना। महाराजा छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती 19 फरवरी के अवसर पर सर्वसमाज ने भव्य शोभायात्रा निकालने की तैयारी की है। रविवार को
शोभायात्रा के आयोजन संबंधी विस्तृत जानकारी आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने दी
पत्रकारों को आयोजन समिति संयोजक विक्रम सिंह बिसेन ने बताया कि 19फरवरी को दोपहर 2 बजे से प्रारंभ होने वाली शोभायात्रा टाउनहाल से प्रारंभ होकर अंबेडकर चौक, कृष्णनगर चौक, पशु चिकित्सालय, कंवरराम टाकीज,अस्पताल चौक, पन्नीलाल चौक, चौक बाजार, बिहारी चौक, जयस्तंभ चौक से होते हुए सुभाष पार्क तक जाएगी जहां शोभायात्रा का भव्य समापन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यात्रा की जगह-जगह स्वागत की तैयारियां भी व्यापारियों समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा की जा रही है।
कार्यक्रम के सह संयोजक केके त्रिपाठी ने वार्ता में जानकारी दी कि शिवाजी जयंती पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे जबकि सांसद कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, महापौर योगेश ताम्रकार , हिंदू पर्व समन्वयक समिति के अध्यक्ष मणिकांत माहेश्वरी ,पूर्व विधायक शंकरलाल तिवारी समेत कई गणमान्य नागरिक विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूदगी दर्ज कराएंगे। उन्होंने बताया गया कि कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रांत कार्यवाह उत्तम बनर्जी होंगे। इस अवसर पर सह संयोजक अतुल सिंह परिहार ने महाराजा छत्रपति शिवाजी के शौर्य व पराक्रम पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। इस मौके पर मौजूद सह संयोजक संजय अग्रवाल ने बताया कि सभी व्यापारियों से संपर्क कर आयोजन को भव्य बनाने का आग्रह किया जा रहा है।
कुर्मी क्षत्रिय संगठन ने किया आह्वान
मप्र कुर्मी क्षत्रिय समाज के जिलाअध्यक्ष डा. दुर्योधन सिंह ने कहा कि इस बार का सर्व समाज का आयोजन सामाजिक संगम का साक्षी बनेगा क्योंकि इसमें सर्व समाज के लोग एक मंच पर आकर वीर शिरोमणि छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती कार्यक्रम का आयोजन कर रहे हैं। कुर्मी क्षत्रिय समाज के जिलाध्यक्ष डा. दुर्योधन सिंह ने ग्राम पंचायत तक के पदाधिकारियों का आह्वान करते हुए कहा कि सभी 19 फरवरी को टाउनहाल प्रांगण में एकत्र होकर आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में सहभागी बनें। इस अवसर पर मप्र कुर्मी क्षत्रिय समाज की महिला जिलाध्यक्ष मनीषा सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के लिए मातृशक्ति को घर घर आमंत्रित किया जा रहा है । श्रीमती सिंह के अनुसार सर्व समाज के तत्वाधान में आयोजित जयंती कार्यक्रम में महिलाओं की भी जबरदस्त भागीदारी होगी।
