नयी दिल्ली 15 फरवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि भाजपा सरकार आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं द्वारा किये गये घोटालों की जांच करायेगी और उन्हें सजा दिलाने वास्ते कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता नियुक्त करेगी।
श्री सचदेवा ने शनिवार को कहा कि शीश महल निर्माण में हुए भ्रष्टाचार का बचाव करते देख दिल्ली वाले हतप्रभ हैं। उन्होंने कहा,“शीश महल निर्माण घोटाला पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की हार का कारण बना। शराब, पैनिक बटन, विद्यालय कक्षा निर्माण जैसे कई छोटे बड़े घोटालों से अपनी लोक प्रतिष्ठा खो चुकी आम आदमी पार्टी को झुग्गी वालों से कोठी वालों तक समाज के हर वर्ग से नकार दिया।”
उन्होंने कहा,“शीघ्र हमारी सरकार बनेगी और वह शीश महल, शराब, पैनिक बटन आदि घोटालों की जांच के साथ ही कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता नियुक्त करेगी।”
उन्होंने कहा कि यदि ‘आप’ नेताओं में अंश भर भी नैतिकता शेष है, तो वो शीश महल निर्माण और शराब नीति जैसे घोटालों के लिए दिल्ली वालों से माफी मांगे।
