नगर निकाय चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत

रायपुर, 15 फरवरी (वार्ता) छत्तीसगढ़ में हुए नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए अभी तक आए चुनाव परिणामों के अनुसार 10 में से 10 नगर निगमों में विजय हासिल की है, साथ ही 49 नगर पालिकाओं में से 35 में और 114 नगर पंचायतों में से 81 पर भाजपा की शानदार जीत हुई है।

चुनाव परिणामों से स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश की जनता ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व, सुशासन और विकास कार्यों पर अपनी मुहर लगा दी है।

श्री साय ने इस अभूतपूर्व जनादेश के लिए छत्तीसगढ़ की जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया और कहा कि यह जीत केवल एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि जनता के भरोसे और आशीर्वाद की विजय है।

उन्होंने कहा कि जनता ने हमारे 13 महीनों के सुशासन को सराहा है तथा ‘मोदी की गारंटी’ की तरह ही ‘अटल विश्वास पत्र’ पर भी जनता ने विश्वास जताया है। हम इस भरोसे को कभी टूटने नहीं देंगे और जनता से किए गए हर वादे को पूरा करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस सरकार की विफलताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने निकायों को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था, मेयर और अध्यक्षों के चुनाव को प्रत्यक्ष प्रणाली से हटा दिया गया था। पर भाजपा सरकार ने लोकतंत्र की बहाली करते हुए चुनाव को पुनः प्रत्यक्ष प्रणाली से कराया और इसका परिणाम है कि कांग्रेस के पिछले मेयर आज पार्षद बनने में भी असफल रहे हैं।

श्री साय ने आश्वस्त किया कि हमने जो भी वादे ‘अटल विश्वास पत्र’ में किए हैं, वे 100 प्रतिशत पूरे किए जाएंगे। हमारी सरकार विकास, पारदर्शिता और सुशासन के प्रति प्रतिबद्ध है। भाजपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। हमने जो कहा, उसे पूरा किया और आगे भी करेंगे।इस चुनाव में भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर जनता ने अपनी स्वीकृति दी है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक संबल, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों गरीबों को सम्मानजनक आवास, किसानों के लिए रिकॉर्ड धान खरीदी और बोनस भुगतान, शराब घोटाले की जांच, सरकारी भर्तियों की पारदर्शिता, भ्रष्टाचार पर सख्ती और प्रशासन में पारदर्शिता पर जनता ने अपनी मुहर लगा दी है।

श्री साय ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि अब निकायों में भी बदलाव दिखेगा, विकास होगा, जनता की तरक्की हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी। हम छत्तीसगढ़ के हर नगर, हर गांव को विकास के नए आयाम तक पहुंचाएंगे।

श्री साय ने कहा कि अब आने वाले पंचायत चुनावों में भी जनता भाजपा को भारी समर्थन देगी, क्योंकि जनता ने भाजपा के विकास मॉडल को देखा और स्वीकार किया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में ट्रिपल इंजन सरकार बनेगी और विकास को नई गति मिलेगी।

श्री साय ने कहा कि यह जीत प्रदेश की जनता की जीत है, यह जीत प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन की जीत है और यह जीत भाजपा के सुशासन और ईमानदार राजनीति की जीत है।

श्री साय ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने उन्हें महासचिव बनाकर सम्मान दिया, लेकिन उनके अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता ने उन्हें ‘धन्यवाद’ कुछ अलग अंदाज में दिया – तीनों नगरीय निकायों में कांग्रेस को बुरी तरह हराकर! उन्होंने कहा कि कल कांग्रेस ने श्री बघेल को राष्ट्रीय महासचिव बनाया, लेकिन आज उनके खुद के विधानसभा क्षेत्र की जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया। तीनों – दो नगर पंचायत और एक नगर पालिका में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा। यही जनता का असली जवाब है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम कांग्रेस के खोखले दावों और झूठी राजनीति का सबूत है। जनता ने कांग्रेस की गलत नीतियों को पूरी तरह अस्वीकार कर दिया है। छत्तीसगढ़ की जनता अब समझ चुकी है कि कांग्रेस के पास सिर्फ वादे हैं, काम नहीं।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि 2018 में कांग्रेस ने 36 वादों का घोषणापत्र जारी किया था, लेकिन पांच साल में कुछ नहीं किया। यही कारण है कि 2023 के विधानसभा चुनाव में जनता ने उन्हें पूरी तरह नकार दिया। अब कांग्रेस चाहे जो भी वादे करे, जनता उस पर भरोसा नहीं करने वाली। कांग्रेस की विश्वसनीयता पूरी तरह समाप्त हो चुकी है।

श्री साय ने छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत को लोकतंत्र की पुनर्स्थापना और जनता के अधिकारों की बहाली करार दिया है। उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले चुनाव में कांग्रेस ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया था, लेकिन भाजपा सरकार ने जनता को फिर से उनका अधिकार सौंपा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पांच साल पहले नगरीय निकाय चुनावों में लोकतंत्र की हत्या कर दी थी। उन्होंने मेयर और अध्यक्ष का चुनाव जनता से छीनकर इनडायरेक्ट प्रणाली में डाल दिया था, ताकि जनता के बजाय कांग्रेस नेताओं की मर्जी से अपने लोग सत्ता में आ सकें। यह लोकतंत्र की आत्मा के खिलाफ था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में जनता का सिर्फ शोषण हुआ, और जब भाजपा सरकार ने प्रत्यक्ष चुनाव प्रणाली लागू की, तो जनता ने भी भाजपा को ऐतिहासिक जनादेश देकर अपना विश्वास जताया।

श्री साय ने कहा कि भाजपा सरकार ने लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों को पुनर्स्थापित किया, जिससे जनता को सीधे अपने नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत के नेताओं को चुनने का अधिकार मिला। उन्होंने कहा कि हमने साहस दिखाया और जनता को प्रत्यक्ष मतदान का अधिकार दिया। अब मेयर और अध्यक्ष का चुनाव पार्षदों के वोट से नहीं, बल्कि जनता के वोट से हो रहा है। जनता को जब सही अधिकार मिला, तो उन्होंने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया और भाजपा को अभूतपूर्व समर्थन दिया। इसका नतीजा यह हुआ कि जो कांग्रेस नेता पिछले चुनाव में इनडायरेक्ट चुनाव से मेयर बने थे, वे इस बार पार्षद का चुनाव भी नहीं जीत सके।पिछले चुनाव में जो नेता इनडायरेक्ट प्रणाली से मेयर बने थे, इस बार जनता ने उन्हें पूरी तरह नकार दिया। वे अब पार्षद का चुनाव जीतने के लायक भी नहीं रहे। यह लोकतंत्र की असली जीत है।

Next Post

शासकीय आदिवासी आश्रम की 17 बच्चियों को पेट में दर्द की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया

Sat Feb 15 , 2025
बड़वानी, 15 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा अनुविभाग के चाचरिया स्थित शासकीय कन्या आश्रम की 17 बच्चियों को पेट में दर्द की शिकायत के बाद आज अस्पताल में भर्ती कराया गया। शासकीय सिविल अस्पताल सेंधवा के सूत्रों के अनुसार शासकीय कन्या आश्रम चाचरिया की कक्षा एक से […]

You May Like