
भिंड। शहर के बतासा बाजार स्थित जैन चैत्यालय मंदिर में रहने वाले सर्राफा कारोबारी लापता हो गए हैं। वे अपने घर से एक ग्राहक के पास जाने की कहकर निकले थे। शाम तक इनका कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो पता चला कि यह इटावा रोड से एक ऑटो में बैठते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने ऑटो ड्राइवर से पूछा, तो उसने कहा कि मैं इन्हें इटावा रेलवे स्टेशन पर छोड़कर आया हूं। अब पुलिस सर्राफा कारोबारी की तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार मूलत: ग्राम परा के रहने वाले शिवानंद सोनी की चैत्यालय मंदिर के पास दुकान है। यहां पास में ही यह रहते हैं। सुबह करीब 10 बजे यह अपने घर से निकले। इन्होंने परिजन से कहा कि एक ग्राहक ने सोने का छल्ला बनवाया है, उसे वही छल्ला देने जा रहा हूं। इसके बाद सोनी ने अपनी दुकान से सामान लिया और निकल गए।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में यह महावीरगंज में चौड़ी सड़क की ओर जाते दिखे। सुबह तक भी शिवानंद सोनी का कोई सुराग नहीं लगा, तो परिजन ने इस बात की शिकायत पुलिस से की। कोतवाली में बड़ी संख्या में शहर के सर्राफा कारोबारी एकत्रित हो गए। परिजन ने पुलिस को बताया कि शिवानंद के पास जो मोबाइल फोन था, वह भी बंद आ रहा है। पुलिस ने छानबीन की, तो इटावा रोड के सीसीटीवी कैमरों में यह एक ऑटो में बैठते नजर आए। इसके बाद ऑटो वाले को ढूंढ़ा गया। इस ऑटो ड्राइवर का नाम राजकुमार जाटव है। इसने पुलिस को बताया कि वह अन्य यात्रियों की तरह ही शिवानंद सोनी की भी इटावा ले गया था। इटावा में इनको मैंने रेलवे स्टेशन के बाहर छोड़ दिया था।
