राउंडग्लास हॉकी अकादमी और यूपी करम ने जीत से की शुरुआत

लखनऊ 11 फरवरी (वार्ता) गत विजेता राउंडग्लास हॉकी अकादमी (पंजाब) ने 35वीं ऑल इंडिया केडी सिंह बाबू सब जूनियर (अंडर-14) प्राइज़मनी हॉकी टूर्नामेंट में अपने पहले मैच में मेजर ध्यानचंद (हरियाणा) को 8-2 से शिकस्त दी। वहीं यूपी करम ने भी जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए जय हॉकी अकादमी (तमिलनाडु) को 5-1 से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।

गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज के ध्यानचंद एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में खेले जा रहे टूर्नामेंट में यूपी करम और जय हॉकी अकादमी, तमिलनाडु के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। पहला क्वार्टर गोलरहित रहा, लेकिन दूसरे क्वार्टर में यूपी करम के लकी कुमार ने 19वें और करन कुमार ने 24वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई।

इसके बाद, पृथ्वी राज ने 33वें मिनट में साथी खिलाड़ी से मिले पास पर गोल दागा। फिर कृष सिंह (35वां और 38वां मिनट) ने दो गोल कर यूपी करम को 5-1 से जीत दिलाई। जय हॉकी अकादमी से साई विग्नेश ने एकमात्र गोल किया।

दूसरी ओर, राउंडग्लास हॉकी अकादमी (पंजाब) ने मेजर ध्यानचंद (हरियाणा) के खिलाफ शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया और पहले क्वार्टर में ही पांच गोल दागे। टीम ने प्रतिद्वंद्वी की गलती के चलते मिले मौकों को गोल के रुप में भुनाया।

जसप्रीत सिंह ने सातवें मिनट में मिले पेनाल्टी कार्नर को गोल में बदलने के बाद 22वें मिनट में मैदानी गोल दागा। रणवीर सिंह ने 13वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर पर गोल किया और दो मिनट बाद ही मैदानी गोल किया।

कसमप्रीत सिंह (14वां मिनट), निशांत तंवर (20वां मिनट) और अभिजोत सिंह (27वां मिनट) ने 1-1 लिए गोल किए। मेजर ध्यानचंद (हरियाणा) के लिए दक्ष द्वितीय (23वां मिनट) और नैतिक ग्रोवर (53वां मिनट) ने गोल किए।

अन्य मुकाबलों में फ्लिकर्स ब्रदर्स (हरियाणा) ने महेंद्र मेमोरियल स्पोर्ट्स क्लब (हरियाणा) को 3-1 से हराया। विराट सिंह, आदित्य और विशाल ने विजयी टीम के लिए गोल किए, जबकि हिमांशु शर्मा ने महेंद्र मेमोरियल के लिए एकमात्र गोल किया। वहीं नेवल टाटा (ओडिशा) ने मनमोहन सिंह हॉकी अकादमी (हरियाणा) को 8-1 से हराया।

 

 

Next Post

शाह ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा परिदृश्य की समीक्षा की, एजेंसियों को समन्वय से काम जारी रखने को कहा

Tue Feb 11 , 2025
नयी दिल्ली, 11 फरवरी (वार्ता) केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा परिदृश्य की समीक्षा के लिए मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में उच्च स्तरीय बैठकें की और कहा कि सरकार आतंकवाद मुक्त जम्मू-कश्मीर’ के लिए प्रतिबद्ध। श्री शाह ने केंद्रीय बलों को घुसपैठ रोकने के लिए […]

You May Like