गोंदिया होकर रायपुर के लिए मिल सकती है वंदे भारत

सोशल मीडिया में चर्चा कुछ, अधिकारियों के बयान कुछ..

 

जबलपुर, नवभारत। विगत दस दिनों से सोशल मीडिया में वायरल हो रही एक सूचना के अनुसार जबलपुर से नैनपुर होकर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के लिए वंदे भारत ट्रेन के चलने का दावा किया जा रहा है। जिस पर रेलवे अधिकारियों ने प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि इसको लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने आगे बताया कि विभाग को इंटरनल नोटिफिकेशन भेजा गया है जिसमें अभी तक कोई अपडेट नहीं आया है। ऐसे में ट्रेन चलेगी कि नहीं यह बता पाना मुश्किल है। बता दे कि जबलपुर से रायपुर के बीच वंदे भारत ट्रेन के संचालन को लेकर काफी समय से मांग उठ रही है। दावा किया जा रहा है कि यह ट्रेन नैनपुर, गोंदिया होकर रायपुर तक सप्ताह में 6 दिन चलाई जाएगी जो सात घंटे में रायपुर पहुंचाएगी।

काम आएगा ट्रेक

जबलपुर गोंदिया ब्रॉडगेज होने के बाद से इस ट्रैक पर सिर्फ चार ट्रेनें चल रही है, उनमें से तीन ट्रेनें साप्ताहिक है। वंदे भारत ट्रेन के चलने से यह ब्रॉडगेज ट्रैक आम जनों के काम आएगा और रायपुर होकर ओडिशा जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। वर्तमान में सिर्फ अमरकंटक एक्सप्रेस ही है जो कटनी होकर आगे जाती है जिसमें समय और किराया दोनों ही ज्यादा लगता है।

सोशल मीडिया में चल रही समय सारणी

सोशल मीडिया पर चल रही समय सारणी के मुताबिक जो नोटिफिकेशन भेजा गया है उसके अनुसार जबलपुर से वंदे भारत ट्रेन सुबह 5 बजे रवाना होगी जो 5.12 बजे मदन महल पहुंचेगी, 6.49 बजे नैनपुर, 8.08 बजे बालाघाट, 9.10 बजे गोंदिया, 10.24 बजे राजनांदगांव, 11.12 बजे दुर्ग और 11.55 बजे रायपुर पहुंचेगी। इसी तरह वापसी में रायपुर से ट्रेन दोपहर 1.20 बजे रवना होगी और 2.10 बजे दुर्ग, 2.29 बजे राजनांदगांव, 3.55 बजे गोंदिया, 4.29 बजे बालाघाट, 5.44 बजे नैनपुर और मदन महल होते हुए रात 8.15 बजे जबलपुर स्टेशन पहुंचेगी।

 

इनका कहना है

रेलवे को भेजे गए इंटरनल नोटिफिकेशन का अभी तक कोई भी जवाब नहीं आया है। जब जवाब आएगा तभी संचालन के बारे में जानकारी दी जा सकेगी।

डॉ. मधुर वर्मा, सीनियर डीसीएम, पश्चिम मध्य रेल

Next Post

रफ्टिंग प्रतियोगिता सराहनीय प्रदर्शन के साथ संपन्न

Tue Feb 11 , 2025
देहरादून, 11 फरवरी (वार्ता) उत्तराखंड में चल रहे राष्ट्रीय खेलों के अन्तर्गत, टनकपुर के काकड़घाट में प्राणपोषक राफ्टिंग प्रतियोगिता के दूसरे दिन कई श्रेणियों में उच्च ऊर्जा प्रदर्शन और भयंकर प्रतिस्पर्धा देखी गई। देश भर की टीमों ने असाधारण कौशल और सहनशक्ति का प्रदर्शन किया और शीर्ष स्थान हासिल करने […]

You May Like