
पन्ना ब्यूरो
आज 10 फरवरी को प्रातः 07.00 बजे मड़ला परिक्षेत्र के ग्राम मड़ला में सन्तोष प्रजापति के खेत में स्थित कुंयें में एक नर तेंदुआ के गिरने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना प्राप्त होते ही क्षेत्र संचालक, उप संचालक एवं वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी, रेस्क्यू दल के साथ मौके पर बीट मड़ला के कक्ष क्रमांक 228 की बाह्य सीमा ग्राम मड़ला ( राजस्व क्षेत्र ) पहुंचे। स्टाफ द्वारा कार्यवाही करने हेतु समस्त ग्रामीणों को मौके से हटा कर क्षेत्र संचालक के मार्गदर्शन में सर्व प्रथम कुंए में स्थित तेंदुआ को चारपाई की सहायता से सहारा देकर रोककर रखा गया तत्पश्चात जाल डाल कर तेंदुआ को जाल में सुरक्षित लेकर पिंजरे में डाल कर प्रातः 09.20 बजे सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। रेस्क्यू वाहन की सहायता से रेस्क्यू किये गये नर वयस्क तेदुए को पन्ना टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में प्रातः 10.24 बजे स्वच्छंद विचरण हेतु सुरक्षित छोड़ा गया।
