नयी दिल्ली, 08 फरवरी (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी(आप) को अर्बन नक्सली सोच पर आधारित पार्टी करार दिया है और देश को इनसे बचने के लिए एक लाख युवाओं से राजनीति में आने का आह्वान करते हुए कहा है कि यदि वे राजनीति में नहीं आते हैं तो देश धूर्तता-मूर्खता की राजनीति में फंस जाएगा।
श्री मोदी ने आज शनिवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह को संबोधित किया और दिल्ली के विकास के लिए भाजपा सरकार के विजन को जनता से साझा करते हुए दिल्ली के विकास को अवरुद्ध करने वाली विपक्षी पार्टियों पर जम कर प्रहार किया।
कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, केंद्रीय मंत्री, दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सहित कई पार्टी पदाधिकारी, दिल्ली के भाजपा सांसद, कई नवनिर्वाचित विधायक एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री ने राजनीति में नयापन लाने की जरूरत पर बल देते हुए कहा, “देश को सही मायने में एक गंभीर राजनीतिक परिवर्तन की जरूरत है, विकसित भारत को नई प्राण शक्ति की जरूरत है। राजनीति को नए आइडिया, राजनीति और चिंतन की जरूरत है। अच्छे नौजवान बेटे-बेटियां राजनीति में नहीं आएंगे तो ऐसे लोग कब्जा कर लेंगे जो राजनीति में नहीं आने चाहिए। सफलता-असफलता अपनी जगह पर है लेकिन देश को धूर्तता तथा मूर्खता की राजनीति नहीं चाहिए। देश का तेजस्वी युवा अगर राजनीति में नहीं आएगा तो देश धूर्तता-मूर्खता की राजनीति में फंस जाएगा। हमें राजनीति में नयापन लाना है।”
श्री मोदी ने अपने संबोधन के आरंभ में कहा , “आज दिल्ली में दिल्ली के लोगों में एक उत्साह भी है और सुकून भी है। उत्साह विजय का है और सुकून दिल्ली को आप-दा से मुक्त कराने का है। दिल्ली के विकास की बड़ी बाधा दूर हो गई। दिल्ली की जनता ने दिल खोलकर प्यार दिया। मैं दिल्ली के हर परिवारजन को मोदी की गारंटी पर भरोसा करने के लिए सिर झुकाकर नमन करता हूं। आपके इस प्यार को विकास के लॉन्ग रूट पर हम लौटाएंगे। दिल्ली के लोगों का ये प्यार और विश्वास हम सभी पर एक कर्ज है। दिल्ली की डबल इंजन सरकार दिल्ली का डबल तेजी से विकास करके ये कर्ज चुकाएगी।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की आज की विजय ऐतिहासिक है। ये सामान्य विजय नहीं है क्योंकि दिल्ली की जनता ने आप-दा को बाहर कर दिया है। करीब एक दशक की आप-दा से दिल्ली मुक्त हुई है। दिल्ली का जनादेश स्पष्ट है। आज दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई है तथा आडंबर, अराजकता, अहंकार और दिल्ली पर छाई आप-दा की हार हुई है। उन्होंने कहा कि जिन्हें दिल्ली का मालिक होने का घमंड था, उनका आज सच से सामना हो भी गया है। दिल्ली के जनादेश से स्पष्ट है कि राजनीति में शॉर्ट कट के लिए, झूठ और फरेब के लिए कोई जगह नहीं है। जनता ने शॉर्ट कट वाली राजनीति का शॉर्ट सर्किट कर दिया है।
श्री मोदी ने कहा “देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं और दिल्ली के भाजपा कार्यकर्ताओं के मन में ये टीस थी दिल्ली की पूरी तरह से सेवा न कर पाने की। आज दिल्ली ने हमारा वो आग्रह भी मान लिया। दिल्ली की युवा पीढ़ी और 21वीं सदी में पैदा हुए युवा पहली बार दिल्ली में भाजपा का सुशासन देखेंगे। आज के नतीजे दिखाते हैं कि भाजपा की डबल इंजन सरकार के लिए देश में कितना भरोसा है। लोकसभा चुनाव की जीत के बाद हमने पहले हरियाणा में अभूतपूर्व रिकॉर्ड बनाया। फिर महाराष्ट्र में नया रिकॉर्ड बनाया। अब दिल्ली में नया इतिहास रच गया है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज के नतीजों का एक दूसरा पक्ष भी है। दिल्ली कोई एक शहर नहीं बल्कि ये मिनी हिंदुस्तान है। विविधताओं से भरे भारत का ये लघु रूप है। दिल्ली ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के विचार को जीती है। यहां दक्षिण, पश्चिम और पूर्वी भारत के लोग है। आज इसी विविधता वाली दिल्ली ने भाजपा को प्रचंड जनादेश का आशीर्वाद दिया है। आज दिल्ली का कोई ऐसा क्षेत्र नहीं है जहां कमल न खिला हो। हर भाषा और हर राज्य के लोगों ने दिल्ली में भाजपा के कमल निशान पर वोट दिया।
श्री मोदी ने दिल्ली वालों को पूरी दिल्ली के विकास का वादा किया और कहा कि दिल्ली के विजय उत्सव के साथ-साथ आज अयोध्या के मिल्कीपुर में भी भाजपा को शानदार जीत मिली है। सभी ने भाजपा के लिए भारी संख्या में मतदान किया है।
श्री मोदी ने कहा कि आज देश तुष्टिकरण नहीं, बल्कि भाजपा के संतुष्टिकरण की नीति को चुन रहा है। टकराव तथा प्रशासनिक अनिश्चितता ने दिल्ली का बहुत नुकसान किया है। आज दिल्ली के विकास के सामने से एक रुकावट आप सब दिल्लीवासियों ने दूर कर दी है। दिल्ली में आप-दा वालों ने मेट्रो का काम आगे बढ़ाने से रोका, झुग्गी वालों को घर लेने से रोका, आयुष्मान भारत का लाभ भी नहीं मिलने दिया। अब दिल्ली की जनता ने गवर्नेंस का साफ संदेश दिया है। दिल्ली ने पहले का जमाना देखा है। गवर्नेंस नौटंकी, प्रचार और प्रपंच का मंच नहीं है। जनता ने फिर और डबल इंजन की सरकार को चुनाव है। हम पूरी गंभीरता से धरातल पर रहकर काम करेंगे”
उन्होंने कहा , “पूरा देश जानता है कि जहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) है, वहां सुशासन है, विकास है और विश्वास है। राजग का हर उम्मीदवार, हर जनप्रतिनिधि लोगों के हित में काम करता है। देश में राजग को जहां जनादेश मिला है, हमने उस राज्य को विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचाया है। इसलिए भाजपा को लगातार जीत मिल रही है। लोग हमारी सरकारों को दूसरी बार, तीसरी बार चुन रहे हैं। उत्तराखंड, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, मध्य प्रदेश, गोवा, महाराष्ट्र, असम, अरुणाचल, मणिपुर, बिहार हर राज्य में हमें दोबारा सत्ता मिली है। दिल्ली के बगल में उत्तर प्रदेश है।”
उन्होंने कहा कि एक जमाने में उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था कितनी बड़ी चुनौती थी। कितना बड़ा चैलेंज नारी शक्ति के लिए होता था। हमने संकल्पबद्ध होकर काम किया। महाराष्ट्र में हर साल सूखे के कारण हमारे अन्नदाता पर कितना बड़ा संकट आता था। हमने जल मित्र जैसे अभियान चलाकर हर किसान तक पानी पहुंचाया। हरियाणा में बिना खर्ची-बिना पर्ची सरकारी नौकरी नहीं मिलती थी। भाजपा सुशासन का नया मॉडल तैयार कर रही है। पूर्वाेत्तर में हमने विकास की नयी धारा से लोगों को जोड़ा है। गुजरात में खेती-किसानी कभी मुश्किल थी। वहीं गुजरात आज एग्रीकल्चर पावर हाउस बन गया है। बिहार का हाल आपको पता था, नीतीश जी बदलाव लाए। बदलाव तभी लाए जब राजग की सरकार बनी।
श्री मोदी ने कहा, “राजग की गारंटी मतलब सुशासन की गारंटी। इसका फायदा गरीब को भी होता है और मध्यम वर्ग को भी। दिल्ली में गरीब, झुग्गी में रहने वाले भाई-बहन और मध्यम वर्ग ने भाजपा को जबरदस्त समर्थन दिया है। हर वर्ग के बहुत सारे प्रोफेशनल हमारी पार्टी में काम कर रहे हैं। इसका कारण यह है कि हमारी पार्टी ने हमेशा मध्यम वर्ग को अपनी प्राथमिकता पर रखा है। दिल्ली में हमने सबसे पहले मेट्रो का काम शुरू किया। अन्य शहरों में एयरपोर्ट मेट्रो और शहरी विकास पर काम किया। स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं से छोटे शहरों के लोग अपने सपने पूरे कर रहे हैं। आयुष्मान के जरिए लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।”
प्रधानमंत्री ने कहा, “देश की नारी शक्ति का आशीर्वाद हमारा सबसे बड़ा रक्षा कवच है। एक बार फिर नारी शक्ति ने दिल्ली में मुझे अपना आशीर्वाद दिया है। मैंने ओडिशा, महाराष्ट्र या हरियाणा हर राज्य में नारी शक्ति से किए हर वादे को पूरा किया है। आज इन राज्यों में करोड़ों माताओं-बहनों को हमारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। मैं दिल्ली की मातृ शक्ति से कहता हूं कि मैं उनसे किया हर वादा पूरा करूंगा। ये मोदी की गारंटी है, यानी गारंटी के पूरा होने की गारंटी है।”
श्री मोदी ने कहा कि दिल्ली के लोग टूटती सड़कें, कूड़े के ढेर, सीवर ओवरफ्लो और प्रदूषित हवा से त्रस्त रहे हैं। अब यहां भाजपा सरकार दिल्ली को विकास की ऊर्जा के साथ एक आधुनिक शहर बनाएगी। पहली बार दिल्ली-एनसीआर के हर प्रदेश में भाजपा का शासन आया है। आजादी के बाद यह पहली बार हुआ है। राजस्थान में, उत्तर प्रदेश में, हरियाणा में पड़ोस के हर राज्य में भाजपा की सरकारें हैं। ये सुखद संयोग है। इन सभी क्षेत्रों में आजादी के बाद पहली बार एकसाथ भाजपा की सरकारें हैं। हमारी कोशिश होगी कि आनेवाले समय में मोबिलिटी और इन्फ्रास्ट्रक्चर पर ढेर सारा काम हो। इस क्षेत्र के नौजवानों को तरक्की के नए-नए रास्ते मिलेंगे। दिल्ली भारत का गेटवे है। इसलिए इसे देश का सर्वश्रेष्ठ अर्बन इन्फ्रास्ट्रक्चर मिलना ही चाहिए।
यमुना की दुर्दशा पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए श्री मोदी ने कहा, “माँ यमुना हमारी आस्था का केंद्र हैं। तभी तो कहते हैं कि नमो नमस्ते यमुना सदा त्वम। हम लोग हमारा सदा मंगल करने वाली यमुना को नमस्कार करते हैं। उसी यमुना जी की इन लोगों ने कैसी दुर्दशा कर दी है। दिल्ली का तो अस्तित्व ही मां यमुनाजी की गोद में पनपा है। दिल्ली के लोग यमुना की इस पीड़ा को देखकर आहत हो रहे हैं लेकिन दिल्ली की आप-दा ने इस आस्था का अपमान किया, लोगों की भावनाओं-आस्था को पैरों तले कुचल दिया। अपनी नाकामी के लिए हरियाणा के लोगों पर इतना बड़ा आरोप लगा दिया। चुनाव प्रचार के दौरान मैंने संकल्प लिया है कि यमुनाजी को हम दिल्ली शहर की पहचान बनाएंगे। मैं जानता हूं कि काम कठिन है, लंबे समय का है, गंगा जी को देखिए राजीव गांधी के जमाने से चल रहा है। समय कितना ही क्यों न लगे, शक्ति कितनी ही क्यों न लगे, उनका आशीर्वाद हमारे संकल्प को लगेगा। हम पूरा प्रयास करेंगे।”
श्री मोदी ने कहा कि आप-दा वाले यह कहकर राजनीति में आए थे कि राजनीति बदल डालेंगे, लेकिन ये कट्टर बेईमान निकले। वरिष्ठ महानुभाव श्रीमान अन्ना हजारे का बयान सुन रहा था। वे काफी समय से इन आप-दा वालों के कुकर्मों की पीड़ा झेल रहे थे। आज उन्हें भी उस पीड़ा से मुक्ति मिली होगी। इस पार्टी का जन्म ही भ्रष्टाचार के विरुद्ध हुए आंदोलन से हुआ हो, वही भ्रष्टाचार में लिप्त हो गई। यह देश की ऐसी पार्टी बनी जिसके मुख्यमंत्री, मंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में जेल गए। ये खुद को ईमानदारी का सर्टिफिकेट और दूसरों को भ्रष्टाचार का मेडल देते थे, वे खुद बेईमान निकले। शराब घोटाले ने दिल्ली को बदनाम किया। अहंकार इतना कि जब दुनिया कोरोना से निपट रही थी, तब ये आप-दा वाले शीशमहल बना रहे थे। आप-दा वालों ने अपने घोटाले छिपाने के लिए साजिशें रचीं।
उन्होंने कहा, “मैं गारंटी दे रहा हूं कि पहले विधानसभा सत्र में ही सीएजी की रिपोर्ट सदन में रखी जाएगी। भ्रष्टाचार की जांच होगी और जिसने भी लूटा है, उसको लौटाना पड़ेगा। ये भी मोदी की गारंटी है।”
कांग्रेस पर कड़ा हमला करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जनता ने फिर एक बार कांग्रेस को कड़ा संदेश दिया है। दिल्ली के चुनाव में कांग्रेस ने जीरो की डबल हैट्रिक लगाई है। देश की राजधानी में देश की सबसे पुरानी पार्टी का लगातार दिल्ली में 6 बार से खाता नहीं खुल रहा है। ये लोग खुद गोल्ड मेडल देते फिर रहे हैं। सच्चाई यह है कि कांग्रेस पर देश बिल्कुल भरोसा करने को तैयार नहीं है। कांग्रेस परजीवी पार्टी बन चुकी है। खुद तो डूबती है, अपने साथियों को भी डुबोती है। कांग्रेस एक के बाद एक सहयोगियों को खत्म कर रही है। आज की कांग्रेस सहयोगियों की भाषा और एजेंडा को चुराने में लगी हुई है। उनके वोट बैंक में सेंध मारती है। यूपी में कांग्रेस उस वोट बैंक को छीनने की कोशिश कर रही है, जिस पर सपा और बसपा अपना मानती है। मुलायम सिंह जी समझ गए थे। बिहार में भी ये कांग्रेस ही है जो जातिवाद का जहर फैलाकर अपनी सहयोगी राजद की जमीन को खाने में जुट गई है। कांग्रेस ने ऐसा ही हाल जम्मू-कश्मीर, बंगाल में भी अपने सहयोगियों का भी किया। दिल्ली में भी साफ हो गया कि जो कांग्रेस का हाथ एक बार थामता है, उसका बंटाढार होना तय हो जाता है।
श्री मोदी ने कहा, “राजनीति का अध्ययन करने वालों पर एक काम छोड़ता हूं। आपने देखा कि 2014 के बाद कांग्रेस के नेताओं ने 5-7 साल तक हिंदू बनने की कोशिश की। मंदिरों में जाना, माला पहनना, उन्हें लगा ऐसे भाजपा के वोट बैंक में सेंध मारेंगे। आपने देखा होगा पिछले कुछ वर्षों ने उन्होंने यह रास्ता बंद कर दिया। अब राज्यों की अलग-अलग पार्टियों पर उनकी नजरें हैं। पार्टियां समझ गई होंगी कि ये उनको ही खा रहे हैं। इंडिया समूह के दल अब कांग्रेस का चरित्र समझने लगे हैं। उन्हें एहसास हो रहा है कि जिस वोट बैंक को उन्होंने छीना, कांग्रेस उसे वापस पाने में जुटी है। दिल्ली में इंडिया समूह के दलों ने मिलकर कांग्रेस के वोट बैंक को रोकने की कोशिश की है। दिल्ली में कांग्रेस के खिलाफ पूरा इंडिया समूह था। वे कांग्रेस को रोकने में सफल रहे, लेकिन आप-दा को बचाने में कामयाब नहीं हो पाए।”
श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस का हाथ थामने वाले इसलिए भी बर्बाद हो रहे हैं, क्योंकि आज कांग्रेस वो कांग्रेस नहीं है। कांग्रेस के नेता कहते हैं कि वो इंडियन स्टेट से लड़ रहे हैं, ये अर्बन नक्सलियों की भाषा है। ये देश में, समाज में अराजकता लाने की भाषा है। आप-दा भी उसी सोच को आगे बढ़ा रही थी। ये सोच राष्ट्र की उपलब्धियों पर अटैक करती है। ये सोच दुनिया में अपनी ही सोच का आर्थिक-सामाजिक और राजनीतिक निजाम लाना चाहती है। यही वजह है कि मैंने एक लाख नौजवानों को राजनीति में आने को कहा है। देश को सही मायने में एक गंभीर राजनीतिक परिवर्तन की जरूरत है, विकसित भारत को नयी प्राण शक्ति की जरूरत है। राजनीति को नए आइडिया, राजनीति और चिंतन की जरूरत है। अच्छे नौजवान बेटे-बेटियां राजनीति में नहीं आएंगे तो ऐसे लोग कब्जा कर लेंगे जो राजनीति में नहीं आने चाहिए। सफलता-असफलता अपनी जगह पर है लेकिन देश को धूर्तता तथा मूर्खता की राजनीति नहीं चाहिए। देश का तेजस्वी युवा अगर राजनीति में नहीं आएगा तो देश धूर्तता-मूर्खता की राजनीति में फंस जाएगा। हमें राजनीति में नयापन लाना है।
प्रधानमंत्री ने कहा “दिल्ली में भाजपा की ये ऐतिहासिक जीत हमारे लिए नयी जिम्मेदारी लेकर आई है। भाजपा रिफॉर्म-परफॉर्म की गारंटी देती है। इसमें दिल्लीवासी जुड़ जायेंगे तो ट्रांसफॉर्मेशन और तेजी से आएगा। हम मिलकर दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाएंगे। मैंने हमेशा जिस मंत्र को जिया है, जिसे मैं स्मरण करता हूं, वो है – हमें हमेशा, जब-जब विजय मिले अपनी नम्रता को कभी छोड़ना नहीं है। विवेक, समाजसेवा के भाव को नहीं छोड़ना है। हम सत्ता सुख के लिए नहीं सेवा भाव के लिए आए हैं। हम शक्ति और समय सेवा के लिए खपा देंगे। इस संकल्प के साथ हम आगे बढ़ें। दिल्ली और एनसीआर के विकास के सपने सोचे हैं, उसे पूरा करके रहें।”
