
मौसम विभाग ने फिर शहर एवं जिले में शीतलहर की संभावना जताई, साथ ही कोहरा भी बढ़ सकता है
नवभारत न्यूज
उज्जैन। एक सप्ताह तक सर्दी से राहत मिलने के बाद एक बार फिर मौसम पलटा और सर्दी लौट आई। मौसम विभाग ने एक बार फिर शहर एवं जिले में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। साथ ही कोहरा भी बढ़ सकता है। इससे सुबह और रात के समय ठंड अधिक महसूस होगी। शहर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री पर जा पहुंचा। इसी प्रकार अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के बाद अचानक ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने की आशंका है। ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का असर और बढ़ सकता है, जिससे खासतौर पर सुबह और रात के समय ठिठुरन महसूस की जाएगी। मौसम विभाग ने उज्जैन में शीतलहर का असर अगले दो-तीन दिन तक रहने का अनुमान जताया है। हालांकि दिन के समय हल्की गर्माहट रहेगी, लेकिन रात में ठंडक बरकरार रहेगी। कुछ ग्रामीण इलाकों में कोहरा और शीतलहर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और रात के समय विशेष सतर्कता बरतने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार, इन दिनों में ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट देखी जा सकती है, इससे सर्दी बढ़ेगी।
तराना क्षेत्र में शीतलहर का दौर जारी है। शुक्रवार को सुबह से ही देर शाम तक और गुरुवार को भी सुबह से देर शाम तक सर्द हवाओं का सिलसिला जारी रहा। इससे सर्दी का असर और अधिक बढ़ गया। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग अलाव जलाकर तापते नजर आए। जबकि दिन भर धूप निकलने से भी सर्द हवाओं के दौर के कारण भी सर्दी से जन जीवन प्रभावित हुआ। कुछ किसानों ने इस तेज सर्दी को फसलों को फायदे मंद बताया।
