बैंक खातों, संपत्तियों पर तैयार हो रही कुंडली
जबलपुर:आय से अधिक संपत्ति अर्जित मामले में फंसे एकीकृत माध्यमिक विद्यालय बरखेरा मेेंं पदस्थ शिक्षक की मुश्किलें बढ़ गई है। लोकायुक्ता ने आवास और फार्म हाउस में छापा मार कार्यवाही की थी। संपत्तियों, आभूषणों, जमीनों से लेकर खातों की जांच की। इस दौरान 100 प्रतिशत से अधिक की आय से अधिक संपत्ति पाई गई थी। अब लोकायुक्त की टीमें शिक्षक का काला चिट्ठा जुटा रही है। बैंक खातों समेत संपत्तियां किस- किस के नाम पर है समेत अन्य बिन्दुओं पर कुंडली तैयार हो रही है।
विदित हो कि लोकायुक्त एसपी संजय साहू से हरिशंकर दुबे पिता स्वर्गीय बाबूलाल दुबे 61 वर्ष, उच्च श्रेणी शिक्षक, एकीकृत माध्यमिक विद्यालय बरखेरा जबलपुर निवासी राम कॉलोनी, सुहागी जबलपुर के विरूद्ध अवैध तरीके से वैध आय से अधिक सम्पत्ति अर्जित करने की शिकायत की गई थी। सत्यापन पर शिकायत सही पाये जाने पर लोकायुक्त डीएसपी दिलीप झरवडे के नेतृत्व में 15 सदस्यीय दल द्वारा बुधवार को आरोपी के निवास श्रीराम कॉलोनी, सुहागी जबलपुर में तडक़े सुबह 6 बजे आवास आर फार्म हाउस में छापामार तलाशी कार्रवाई की थी। लोकायुक्त की टीमों ने सर्च कार्यवाही के दौरान शिक्षक से पूछताछ की इसके साथ ही संपत्तियों की जांच की तो 100 प्रतिशत से अधिक की आय से अधिक संपत्ति पाई गई। इसके अलावा 5 दर्जन से अधिक भूखंडों के दस्तावेज मिले थे। छापेमारी के दौरान स्वर्णाभूषण एवं अनेक बैंक खाते भी पाए गए, खातों की जानकारी शेष है। लोकायुक्त ने बैंकों से संपर्क किया है और ट्रांजेक्शन का ब्यौरा मांगा है कहां से कितनी रकम आई और कहां भेजी गई समेत अन्य बिन्दुओं पर ब्यौरा जुटाया जा रहा है।
नेताओं से जुड रहे तार
सूत्रों की माने तो सहायक शिक्षक का बेटा अतुल दुबे पेशे से इंजीनियर हैं और भाजपा नेता भी है। बताया जाता है कि शिक्षक की आय से अधिक संपत्ति के चर्चे भोपाल तक थे। जब्त दस्तावेजों में नेताओं के नाम भी मिले है जिनकी जांच पड़ताल की जा रही है।
70 खसरों में किसके नाम
सहायक शिक्षक ने 40 साल की नौकरी मेंं अकूल संपत्ति जुटाई है। दो मंजिला बंगला, लग्जरी कार समेत संपत्तियों के दस्तावेज मिले है। संपत्तियां परिवार के किन-किन सदस्यों के नाम पर है इसकी भी जांच चल रही है। 70 खसरों मेें किसके नाम दर्ज है इसका फिलहाल खुलासा हुआ है।
