महिला से सोने के बालियां और चैन की लूट

सिविल लाइन क्षेत्र में सरेआम हुई घटना, जांच कर रही पुलिस

सतना :एक ओर जहां शहर के विभिन्न क्षेत्र में राह चलती महिलाओं के जेवर उतरवाकर लूट लेने वाले गिरोह की सक्रियता बढ़ती जा रही है वहीं दूसरी ओर इस मामले में शहर के तीनों थानों की पुलिस के हाथ अब तक कुछ नहीं लग सका है. इसी कड़ी में मंगलवार की सुबह सिविल लाइन क्षेत्र में सरेराह एक महिला से सोने के बालियां और चैन लूट ली गई.प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के मुख्त्यारगंज क्षेत्र की रहने वाली 61 वर्षीय महिला सविता सिंह पति रण बहादुर सिंह हर रोज की तरह मंगलवार की सुबह भी टहलने के लिए घर से निकली थीं. वे अपने घर से निकलने के बाद टहलते हुए सर्किट हाउस और ओवर ब्रिज से होते हुए सिविल लाइन क्षेत्र में स्थित मास्टर प्लान रोड पर पहुंच गईं.

लेकिन इस मार्ग पर चलते हुए वे जैसे ही पुराने आरटीओ कार्यालय के सामने पहुंचीं वैसे ही एक युवक ने उन्हें रोक लिया. टहलने के दौरान महिला द्वारा फोन पर अपने भतीजे से बात की जा रही थी. लिहाजा युवक द्वारा रोके जाने पर उन्होंने फोन काट दिया. युवक ने महिला से बात करनी शुरु कर दी. इसी दौरान एक अन्य युवक भी वहां पहुंच गया और दोनों ने स्वयं को हरिद्वार से आया हुआ बताकर महिला को कुछ पत्तियां थमा दीं. पत्तियां थमाने के बाद दोनों ने महिला से अपनी आंखें बंद करने के लिए कहा. इसके बाद क्या हुआ उन्हें कुछ याद नहीं है. लेकिन कुछ समय बाद जब उन्होंने होश संभाला तो उनके हाथ के सोने की बालियां और गले की चैन नदारद हो चुके थे.

लिहाजा घटना की शिकायत सिविल लाइन थाने में की गई. पुलिस द्वारा फरियादी महिला की शिकायत दर्ज करते हुए पड़ताल शुरु कर दी गई. पुलिस के अनुसार घटनास्थल सहित आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है. इस मामले में कुछ लोगों द्वारा यह दावा भी किया जा रहा है कि आरोपियों ने महिला को सम्मेाहित कर लिया था. जिसके चलते महिला द्वारा अपने आभूषण स्वयं उतारकर आरोपियों को सौंप दिए गए. बहरहाल पुलिस द्वारा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है. गौरतलब है कि फरियादी महिला के पुत्र राजन सिंह झाली बरैहना पंचायत में सचिव पद पर पदस्थ हैं

Next Post

वैज्ञानिक सलाहकार समिति की बैठक 6 फरवरी को

Wed Feb 5 , 2025
सतना :दीनदयाल शोध संस्थान कृषि विज्ञान केन्द्र मझगवां जिला सतना की सलाहकार समिति की बैठक 6 फरवरी को प्रातः 11 बजे से कृषि विज्ञान केन्द्र मझगवां में आयोजित की गई है। कलेक्टर ने बैठक में उप संचालक कृषि सतना, उप संचालक उद्यान, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवायें, प्रबंधक, जिला उद्योग […]

You May Like