सोनीपत, 17 जुलाई (वार्ता) भारत की पहली हाइड्रोजन-चालित यात्री ट्रेन के शुक्रवार को मोहना रेलवे स्टेशन पहुंचने पर हवन और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
इस अवसर पर एसडीएम प्रवेश काडियान ने कहा कि हरियाणा से शुरू हुई यह पहल विकसित भारत, स्वच्छ ऊर्जा और हरित परिवहन की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि भारत सार्वजनिक परिवहन के लिए हाइड्रोजन से चलने वाली यात्री ट्रेन संचालित करने वाला दुनिया का पांचवां देश बन गया है। यह ट्रेन पर्यावरण संरक्षण, कार्बन उत्सर्जन में कमी और आधुनिक तकनीक का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि अब यात्री सोनीपत से जींद तक मात्र 25 रुपये में यात्रा कर सकेंगे, जिससे पर्यावरण अनुकूल परिवहन आम लोगों के लिए किफायती और सुलभ बनेगा। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने हाइड्रोजन ट्रेन का उत्साहपूर्वक स्वागत करते हुए इसे हरित परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
