मुर्मु और धनखड़ सहित कई नेताओं ने किया मतदान

नयी दिल्ली 05 फरवरी (वार्ता) दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए बुधवार सुबह सात बजे से मतदान जारी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, विदेश मंत्री एस जयशंकर, उपराज्यपाल वीके सक्सेना, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना सहित कई नेताओं एवं अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केन्द्रों पर मतदान किया। पूर्वाह्न 11 बजे तक औसतन 19.95 प्रतिशत मतदान हो चुका है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नयी दिल्ली के डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विद्यालय में वोट डाला। उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पहली बार मतदान किया है। श्री धनखड़, पत्नी सुदेश धनखड़ के साथ मतदान करने के लिए नॉर्थ एवेन्यू में सीपीडब्ल्यूडी सर्विस सेंटर में कतार में नजर आये और इस दौरान उन्होंने कतार में खड़े लोगों से बातचीत की।
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर और उनकी पत्नी क्योको जयशंकर ने एनडीएमसी स्कूल ऑफ साइंस एंड ह्यूमैनिटीज, तुगलक क्रिसेंट में स्थापित मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।
दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने मतदान करने के बाद कहा, “मैंने दिल्ली के लोगों से बड़ी संख्या में वोट करने की अपील की है। मैं चाहता हूं कि दिल्ली के लोग वोटिंग में रिकॉर्ड बनाएं…।”
लोकसभा में विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अपना वोट डालने के लिए निर्माण भवन स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचे और उन्होंने मतदान किया।
दिल्ली की मुख्यमंत्री एवं कालकाजी विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी उम्मीदवार आतिशी ने कालकाजी के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। सुश्री आतिशी ने कहा कि ये सिर्फ चुनाव नहीं, धर्म युद्ध है। ये सत्य और असत्य की लड़ाई है।
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पत्नी सुनीता केजरीवाल और माता-पिता गोबिंद राम केजरीवाल और गीता देवी के साथ लेडी इरविन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वोट डालने पहुंचे। नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से श्री केजरीवाल का मुकाबला कांग्रेस के संदीप दीक्षित और भारतीय जनता पार्टी के प्रवेश वर्मा से है।
इसके अलावा कई बड़ी हस्तियों ने भी मतदान किया, जिनमें नौ सेना प्रमख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी ने दिल्ली की के. कामराज लेन में वोट डाला। उन्होंने पोलिंग बूथ में कमेंट भी लिखा। भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने भी के. कामराज लेन स्थित मतदान केन्द्र पर अपना वोट डाला।
चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू मोती बाग विधानसभा के मतदान केंद्र पर मतदान करने पहुंचे। उन्होंने कहा, “सुबह से दिल्ली में वोटिंग साफ-सुथरे तरीके से चल रही है। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। सभी मतदान केंद्रों पर अच्छी व्यवस्था है। वोट डालने आए लोगों को अच्छा अनभुव हो रहा है। मैं सभी लोगों से अपील करता हूं कि अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें।”
दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा और उनकी पत्नी ने मोती बाग स्थित मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।
राष्ट्रीय राजधानी के 1.56 करोड़ मतदाता शाम छह बजे तक वोट कर सकेंगे। इसके लिए करीब 13 हजार मतदान केन्द्र बनाए गए हैं

Next Post

अमेरिका में भारतीय नागरिकों को प्रताड़ित करने का विरोध करे सरकार: कांग्रेस

Wed Feb 5 , 2025
नयी दिल्ली, 05 फरवरी (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि अमेरिका में भारतीय नागरिकों को हथकड़ी पहनाकर प्रताड़ित और निर्वासित करने की घटना अत्यंत दुखद है और भारत सरकार को इस घटना पर कड़ा ऐतराज व्यक्त करना चाहिए। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने बुधवार को यहां जारी […]

You May Like