संचालक समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
इंदौर: निवेश के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाली फर्जी एडवायजरी कंपनी के खिलाफ परदेशीपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संचालक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से तीन लैपटॉप, एक टैबलेट और छह मोबाइल जब्त किए. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है.डीसीपी अभिनव विश्वकर्मा ने बताया कि सोमवार को परदेशीपुरा थाने में एक युवक ने शिकायत दर्ज कराई कि पाटनीपुरा चौराहा स्थित पहलवान कॉम्प्लेक्स में हर्ष सोलंकी नामक व्यक्ति अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी एडवायजरी कंपनी चला रहा है.
पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी, जहां चार संदिग्ध युवक-युवतियां मिले. पूछताछ में वे कंपनी के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके. इस पर पुलिस ने पंचशील नगर में रहने वाले 28 वर्षीय हर्ष सोलंकी, नेहरु नगर में रहने वाले 22 वर्षीय साहिल नागवंशी, तपेश्वरी बाग कालोनी में रहने वाले शीतल मोटघरे के साथ सुखलिया में रहने वाले हर्षिता इटवाल को गिरफ्तार किया है. मुख्य आरोपी हर्ष सोलंकी ने ठगी की गई राशि को लेकर गलती होने की बात स्वीकार की मौके से बरामद लैपटॉप, मोबाइल और टैबलेट के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई. पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके बैंक खातों और अन्य ठगी के मामलों की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 316(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
