500 हुई बासा भोजन खाने से बीमार हुए लोगों की संख्या

*इलाज के बाद ग्रामीणों की हालत फिर बिगड़ी, डॉक्टरों की टीमें गांवों में डटी*

नवभारत न्यूज

शिवपुरी। शिवपुरी के मामौनीकलां गांव में भंडारे का बासी भोजन खाने से फूड पॉइजनिंग का शिकार होने वाले ग्रामीणों की संख्या 500 तक पहुंच गई है। डॉक्टरों की टीम गांव में मौजूद है, लेकिन कई मरीजों को शिवपुरी जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा है। उपचार के बावजूद ग्रामीणों की हालत फिर बिगड़ गई जिससे हालात गंभीर बने हुए हैं।

करैरा अनुभाग के ग्राम मामौनीकलां में भंडारे का बासी भोजन खाने से कल सोमवार को सैकड़ों ग्रामीण बीमार हो गए थे। शनिवार और रविवार को हुए इस सामूहिक आयोजन के बाद सोमवार को ग्रामीणों में उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हो गई थी। हालात बिगड़ने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंची और मरीजों का इलाज किया। हालांकि आज मंगलवार को स्थिति और गंभीर हो गई, जिससे कई मरीजों को जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में शिविर लगाकर 300 मरीजों का इलाज किया जिसमें से 91 लोगों को करैरा और सिरसौद अस्पताल रेफर किया गया। प्रारंभिक इलाज के बाद कई मरीज मंगलवार को घर लौट आए, लेकिन कुछ की तबीयत फिर बिगड़ गई। इसके अलावा आज कई नए ग्रामीण भी बीमार हो गए। स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को दोबारा गांव में शिविर लगाया, जहां तीन डॉक्टरों की टीम लगातार मरीजों का इलाज कर रही है।

*फूड पॉइजनिंग का असर तीन दिन तक : सीबीएमओ*

सीबीएमओ करैरा डॉ. रोहित भदकारिया ने बताया कि फूड पॉइजनिंग का असर तीन दिन तक रह सकता है। करैरा में भर्ती कई मरीज बिना डिस्चार्ज हुए ही गांव लौट आए थे जिनकी तबीयत फिर बिगड़ गई। अब तक करीब 500 ग्रामीण उल्टी-दस्त से पीड़ित हो चुके हैं, जिनमें से आठ को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

*अस्पताल में इलाज के बावजूद राहत नहीं मिल रही*

पीड़ित ग्रामीण रामकली लोधी ने बताया कि जिन लोगों ने कल इलाज करवाया था, उनकी तबीयत फिर से बिगड़ गई है। ग्राम पंचायत में करीब 500 लोग बीमार हैं, लेकिन इलाज के बावजूद राहत नहीं मिल रही।स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार मरीजों की निगरानी कर रही है। जरूरत पड़ने पर गंभीर मरीजों को रेफर किया जा रहा है।

Next Post

सोना, चांदी मजबूत

Tue Feb 4 , 2025
इंदौर, 04 फरवरी (वार्ता) स्थानीय सर्राफा बाजार में सोना तथा चांदी ऊंची होकर बिकी। चांदी सिक्का स्थिर रहा। विदेशी बाजार में सोना 2819 डालर व चांदी 3164 सेन्ट रुपये प्रति औंस बिकी। उल्लेखनीय है कि सोना- चांदी के भाव में देर रात तक फेरबदल होता रहता है। सोना 84100 रुपये […]

You May Like