बड़वानी, 03 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा ग्रामीण थाना क्षेत्र के अंतर्गत आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक पर रखी मशीन के धारदार हिस्से से टकरा कर दुपहिया वाहन सवार का गला कट गया और उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई है।
सेंधवा ग्रामीण थाना पुलिस के अनुसार आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर कल शाम जेसीबी मशीनों से लदे ट्रक के पिछले धारदार हिस्से से टकराकर 50 वर्षीय विनीत खेड़कर की मृत्यु हो गई।
उन्होंने बताया कि जेसीबी मशीनों से लदे चार ट्रक राष्ट्रीय राजमार्ग पर जा रहे थे। सेंधवा के बाहरी हिस्से में एक स्पीड ब्रेकर पर ट्रक की गति धीमी हुई और पीछे से आ रहा दुपहिया वाहन सवार विनीत उससे टकरा गया। विनीत इंदौर से सेंधवा लौट रहा था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार दरअसल ट्रक पर लापरवाही पूर्वक तीन मशीनें लदी हुई थी। तीसरी मशीन का पिछला धारदार हिस्सा ट्रक से करीब डेढ़ फीट बाहर था। विनीत की गर्दन उसे धारदार हिस्से से टकराई, और कट गयी। जिसके चलते उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 16 किलोमीटर दूर तक पीछा कर बिजासन के समीप ट्रक को पकड़ा और जब्त किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विनीत का ट्रेकिया कटा हुआ पाया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आगे जा चुके तीन अन्य ट्रकों के विरुद्ध भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

