सुरेश सोनी भाजपा राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका में

सियासत

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की अखिल भारतीय कार्य कारिणी के सदस्य सुरेश सोनी लंबे समय बाद प्रदेश भाजपा की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका में आ गए हैं. भाजपा के संगठन चुनाव में उनका महत्वपूर्ण रोल रहा. खासतौर पर उन जिलों के अध्यक्षों के नाम तय करने में, जहां बड़े नताओं के बीच विवाद था. जाहिर है इनमें इंदौर के दोनों जिले शामिल हैं. इसके अलावा भी वरिष्ठ मंत्रियों और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के बीच की तनातनी को समाप्त करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही.

सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तथा भाजपा के बीच समन्वय की भूमिका निभा रहे सह सरकार्यवाह अरुण कुमार मध्य प्रदेश के मामलों में निरंतर उनके संपर्क में रहते हैं. सुरेश सोनी इस समय मुख्यमंत्री डॉ यादव के लिए उनके मेंटोर की भूमिका में हैं. शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में ऐसी ही भूमिका भैया जी जोशी निभाते थे. सुरेश सोनी की मध्य प्रदेश की भाजपा राजनीति में बढ़ती भूमिका की एक वजह यह भी है कि मौजूदा मध्य क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक स्वप्निल कुलकर्णी की राजनीति में बिल्कुल भी दिलचस्पी नहीं है. ऐसे में संघ और भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व सुरेश सोनी के संपर्क में रहता है.

सुरेश सोनी लंबे समय तक मध्य प्रदेश में प्रचारक के रूप में काम कर चुके हैं. उन्होंने इंदौर में महानगर प्रचारक, संघ के उज्जैन विभाग में विभाग प्रचारक, मध्यभारत में सह प्रांत और प्रांत प्रचारक की भूमिका निभाई है. डॉ मोहन यादव, कैलाश विजयवर्गीय, शिवराजसिंह चौहान, नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद पटेल, स्वर्गीय प्रभात झा, स्वर्गीय नंदकुमार सिंह चौहान, नरोत्तम मिश्रा, विष्णु दत्त शर्मा, कमल पटेल, भूपेंद्र सिंह, विजय शाह, अर्चना चिटनिस जैसे अनेक भाजपा नेता सुरेश सोनी के मार्गदर्शन में ही भाजपा राजनीति में आगे बढ़े हैं. कुल मिलाकर लंबे समय बाद सुरेश सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका भाजपा में देखी जा रही है. जाहिर है यह भूमिका परोक्ष है प्रत्यक्ष नहीं

Next Post

अग्नि दुर्घटना से बचाव के लिए दिया प्रशिक्षण

Sat Feb 1 , 2025
ग्वालियर: आगजनी की घटना होने पर आग पर काबू पाने के लिए नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देशानुसार प्रत्येक क्षेत्रीय कार्यालय पर कर्मचारियों को फायर सेफ्टी उपकरणों की दमकल विभाग के द्वारा अभियान चलाकर आग बुझाने की ट्रेनिंग दी जा रही है।फायर ऑफीसर उमंग प्रधान ने बताया कि अग्नि […]

You May Like