सीतारमण आज पेश करेंगी अपना आठवां आम बजट

नयी दिल्ली 01 फरवरी (वार्ता) वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण शनिवार सुबह 11 बजे अपना आठवां आम बजट पेश करेंगी।

यह मोदी 3.0 सरकार का पहला पूर्ण बजट है और बजट आमतौर पर सुबह 11 बजे लोकसभा में पेश किया जाता है तथा उसके बाद उसे राज्यसभा के पटल पर भी रखा जाता है। वित्त मंत्री के रूप में श्रीमती सीतारमण का यह आठवां बजट होगा, जिसमें अब तक उनके द्वारा पेश किए गए दो अंतरिम बजट भी शामिल हैं।

श्रीमती सीतारमण ने यहां नार्थ ब्लॉक स्थित वित्त मंत्रालय में बजट की तैयारियों में लगे अधिकारियों और मंत्रालय के सचिवों से कल शाम चर्चा की और बजट को अंतिम रूप दिया। इस दौरान वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी भी मौजूद थे। विशेषज्ञों का कहना है कि सरकार की पूरी कोशिश वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की है और वित्त मंत्री का पूरा जोर इस वर्ष भी पिछले वर्ष की तरह ही बुनियादी क्षेत्र (इन्फ्रास्ट्रक्चर) पर व्यय, सामाजिक कल्याण, ग्रामीण भारत के साथ ही अर्थव्यवस्था में हाल में आई नरमी को गति देने के उपायों पर हो सकती है। इसमें आम लोगों विशेषकर नौकरीपेशा लोगों को भी राहत मिल सकती है ताकि उनकी व्यय योग्य आय में वृद्धि हो सके और उनके व्यय से अर्थव्यवस्था को गति देने में मदद मिल सके।

आमतौर पर शनिवार को शेयर बाजार में अवकाश होता है, लेकिन बजट पेश किये जाने के मद्देनजर कल शेयर बाजार खुले रहेंगे। शेयर बाजार द्वारा जारी एक सर्कुलर में इसकी पुष्टि की गई है। शनिवार को बाजार अपने नियमित समय के साथ सामान्य रूप से संचालित होंगे।

इसके साथ ही श्रीमती सीतारमण 10 बार बजट पेश करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के रिकॉर्ड के और करीब पहुंचेंगी। पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के नाम 10 बार बजट पेश करने का कीर्तिमान है। श्री देसाई ने 1959-1964 के बीच वित्त मंत्री के रूप में लगातार छह बार बजट पेश किए थे और 1967-1969 के बीच चार बार बजट पेश किए थे।

 

Next Post

मध्यप्रदेश में आज से बदलेगा मौसम का मिजाज

Sat Feb 1 , 2025
Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like