
इंदौर। शहर में सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इंदौर यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा माह के समापन अवसर पर हेलमेट जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) मनोज कुमार श्रीवास्तव और पुलिस उपायुक्त (यातायात प्रबंधन) अरविंद तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यातायात जागरूकता अभियान के तहत पूरे महीने विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता सत्र, चौराहों पर नुक्कड़ नाटक, सोशल मीडिया के माध्यम से यातायात नियमों का प्रचार-प्रसार, और ट्रैफिक वालंटियर्स की मदद से जागरूकता फैलाना शामिल था। इस दौरान गणतंत्र दिवस पर यातायात सुरक्षा संबंधी झांकी भी प्रस्तुत की गई। हेलमेट जागरूकता बाइक रैली पलासिया चौराहे से प्रारंभ होकर रीगल सर्कल, राजवाड़ा, यशवंत चौराहा, टॉवर चौराहा, जीपीओ, व्हाइट चर्च होते हुए पलासिया सेल्फी पॉइंट पर समाप्त हुई। इस दौरान बाइकर समूहों और स्वयंसेवी संगठनों के सदस्यों ने तख्तियों और पंपलेट्स के माध्यम से दोपहिया चालकों से हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने, तेज गति से वाहन न चलाने, अनावश्यक हॉर्न न बजाने और रेड लाइट का पालन करने की अपील की। रैली में यातायात पुलिस अधिकारीगण, एनसीसी कैडेट्स, बाइकर्स क्लब, सामाजिक संस्थाएं और जागरूक नागरिकों ने भाग लिया। पुलिस अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। इंदौर पुलिस द्वारा शहरवासियों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के लिए आगे भी इस तरह के आयोजन किए जाते रहेंगे।
