उलन बटोर, 31 जनवरी (वार्ता) मंगोलिया की राजधानी उलन बटोर में शुक्रवार को मेनिंगोकोकल मेनिनजाइटिस रोग से पीड़ित तीन साल के बच्चे की मृत्यु हो गयी।
मंगोलिया के संचारी रोग राष्ट्रीय केंद्र (एनसीसीडी) ने यह सूचना दी।
एनसीसीडी ने बताया कि बच्चा गुरूवार को केंद्र में नाजुक हालत में भर्ती कराया गया और उपचारों के बावजूद बीमारी से गंभीर रूप से पीड़ित होने के कारण उसकी मृत्यु हो गयी ।
केंद्र ने बताया कि बायनगोल जिले में भी मेनिंगोकोकल संक्रमण का संदिग्ध मामला सामने आया है जिसके प्रयोगशाला परीक्षण के परिणाम लंबित हैं। उन्होने लोगों को चेतावनी देते हुये निवारक उपाय करने और सतर्क रहने का निर्देश दिया है।
गौरतलब है कि मेनिंगोकोकल रोग जीवाणु निसेरिया मेनिंगिटिडिस के कारण होता है जो मस्तिष्क की सुरक्षात्मक परत और खून को गंभीर रूप से संक्रमित कर सकता है। इसका इलाज नहीं कराने से उच्च मृत्यु दर बढ़ सकता है। यह रोग टीका-रोकथाम योग्य है। बुखार, उल्टी, मतली, सिरदर्द, गर्दन में अकड़न, पीठ दर्द और प्रकाश के प्रति संवेदनशीलता में वृद्धि, इस रोग के लक्षण हैं ।
उल्लेखनीय है कि एनसीसीडी के मुताबिक एशियाई देश मंगोलिया में पिछले वर्ष मेनिंगोकोकल मेनिनजाइटिस संक्रमण के दो मामले सामने दर्ज हुये।

