इंदौर: हीरानगर थाना क्षेत्र में एक इंजीनियर से लूट की कोशिश का मामला सामने आया है. बदमाशों ने चाकू दिखाकर उसे धमकाया, लेकिन युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए एक्टिवा छोड़कर मौके से भागकर अपनी जान बचाई. पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है.घटना कारसदेव नगर क्षेत्र की है, जहां रहने वाले शिवम चतुर्वेदी एक दवा कंपनी में इंजीनियर हैं. गुरुवार सुबह करीब 6 बजे वे पोलोग्राउंड की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में खड़े कुछ बदमाशों ने उन्हें रुकने का इशारा किया.
जैसे ही शिवम रुके, बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने चाकू निकाल लिया. खतरा भांपते ही शिवम एक्टिवा वहीं छोड़कर सड़क पर दौड़ पड़ा और किसी तरह गली के रास्ते अपने घर पहुंचकर जान बचाई. इस दौरान बदमाश उनकी एक्टिवा लेकर फरार हो गए. कुछ देर बाद आरोपी दोबारा बाइक लेकर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पीड़ित वहां से निकल चुका था.
परिजनों के अनुसार शिवम की किसी से कोई रंजिश नहीं है. वारदात के समय उनके पास मोबाइल फोन और गले में सोने की चेन भी थी, जिसे लूटने का प्रयास किया गया. सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हुई है. देर रात पीड़ित ने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद हीरानगर पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
