मुरैना, 31 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुरैना में 26 मार्च से 2 अप्रैल तक विशाल स्वास्थ शिविर का आयोजन किया जायेगा।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस शिविर में देश के ख्यातिनाम चिकित्सक उपस्थित रहकर पीड़ित मरीजों का उपचार करेंगे। शिविर में ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी जिलों के मरीज उपचार के लिये शिविर में उपस्थित हो सकेंगे। शिविर में सम्पूर्ण उपचार नि:शुल्क रहेगा।
संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने गुरुवार को गूगल मीट के माध्यम से ग्वालियर-चंबल संभाग के जिला कलेक्टरों से स्वास्थ्य शिविर के संबंध में चर्चा की और शिविर में अधिक से अधिक जरूरतमंदों को भेजने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने जिला कलेक्टरों से कहा है कि रोटरी रीजनल मेडीकल मिशन के माध्यम से मुरैना जिला मुख्यालय पर 26 मार्च से 2 अप्रैल तक एक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने जिला कलेक्टरों से कहा कि वे अपने-अपने जिले में चिन्हांकन शिविरों का आयोजन कर ऐसे मरीजों का चयन करें, जिन्हें उपचार हेतु मुरैना में आयोजित शिविर में भेजा जा सके। इसके लिये जनपद स्तर पर शिविर से पूर्व बैठकें आयोजित कर जनपद पंचायत सीईओ सहित पंचायत स्तर तक पदस्थ कर्मचारियों को शिविर की जानकारी दी जाए।

