
उज्जैन। दिल्ली में बम धमाके के बाद देशभर में अलर्ट जारी किया गया है। उज्जैन में हाई अलर्ट के दौरान की जा रही चैकिंग के बीच से गुजरी कार को पुलिस ने रोका तो चालक और उसके साथी के एसआई के साथ धक्का मुक्की करते हुए अभद्रता की और जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। पीछा कर कार को रोका गया। तीन युवकों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा का प्रकरण दर्ज किया गया है।
लाल किले के समीप देर शाम चलती कार में हुए धमाके के बाद आतंकी हमला सामने आते ही देशभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सभी राज्यों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। उज्जैन में भी हाई अलर्ट के निर्देश जारी होते ही पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने कमान संभाल ली थी। पूरे शहर में चैकिंग शुरू कर दी गई और आने-जाने वाली कारों को चेक किया जाने लगा। नीलगंगा थाना पुलिस की टीम लोटि तिराहे पर बेरीकेटिंग कर वाहनों की चैकिंग कर रही थी। उसी दौरान कार तेज गति से आई। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। इस दौरान चैकिंग पाइंट पर लगे एसआई वेदप्रकाश साहू से कार में सवार दो युवक और चालक ने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। चैकिंग में तैनात पुलिस ने कार सवारों को बाहर निकालने की कोशिश की लेकिन वह रफ्तार तेज कर भाग निकले। पुलिस ने पीछा किया और तीनबत्ती चौराहा के आगे पहुंचकर कार को रोक लिया। उस दौरान कार में सवार तीनों युवकों द्वारा एस आई से झूमाझटकी का प्रयास किया गया। इस दौरान एसआई साहू का वायरलेस सेट गुम हो गया। तीनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया और उनकी कार को जब्त किया गया। तीनों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और पुलिस को जान से मारने की धमकी देने का प्रकरण दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि युवक राजेश सोलंकी, सचिन प्रजापति और नागेश्वर सूर्यवंशी हैं जो कायथा, महिदपुर और तराना के रहने वाले हैं। तीनों ने शराब का नशा भी कर रखा था। रात में पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण करवाया है। तीनों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा का प्रकरण दर्ज कर ले में पेश किया गया।
