
उज्जैन। क्षिप्रा नदी से मिली लाश महाराष्ट्र स्थित अमरावती के युवक की होना सामने आई है। उसके जेब से चाबी मिली थी, जिस पर मोबाइल नम्बर और यात्री ग्रह का नाम लिखा हुआ था। इसी आधार पुलिस यात्रीगृह तक पहुंची और युवक का नाम पता निकालने के बाद परिजनों को सूचना दी गई है। मंगलवार को उज्जैन पहुंचने पर पोस्टमार्टम कराया गया।
भैरवगढ़ थाना एसआई सत्यनारायण प्रजापति ने बताया कि रविवार देर शाम गढक़ालिका मंदिर के पीछे पीर मछन्दरनाथ के आगे क्षिप्रा नदी से एक युवक की लाश लोगों की सूचना पर बरामद की गई थी। जिसके पास से पहचान का कोई दस्तावेज तो नहीं मिला लेकिन एक चाबी होना सामने आई थी। जिस पर यात्री गृह का नाम और मोबाइल नम्बर लिखा हुआ था। सोमवार को नम्बर पर संपर्क करने से सामने आया कि पुराने महाकाल थाने के पास यात्री गृह का है। जहां पहुंचने पर सामने आया कि तीन-चार दिन पहले कुछ युवक महाकाल दर्शन करने अमरावती से आये थे। 2 दिन पहले एक युवक लापता हो गया था, उसके साथियों ने तलाश की, लेकिन नहीं मिला तो सभी साथी वापस लौट गये। होटल में दिये गये दस्तावेजों से मृतक के दोस्त से संपर्क किया गया, जिससे उसके जीजा गोपाल का नम्बर मिला, चर्चा करने पर सामने आया कि दोस्तों के साथ दर्शन करने उज्जैन गया था। जिसका नाम सूरज पिता नरेंद्र करले है। एसआई प्रजापति के अनुसार परिजन उज्जैन पहुंचने पर पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतक मजदूरी करता था और उसके पिता भी मजदूरी का काम करते हैं। पूर्व में भी दोस्तों के साथ मुंबई गया था जहां से लापता हो गया था लेकिन कुछ दिन बाद वापस लौट आया था। परिजन बॉडी अंतिम संस्कार के लिए अमरावती ले गए हैं।
