जबलपुर: मुंबई में आयोजित एक प्रतिष्ठित एवं भव्य समारोह में आयुध निर्माणी खमरिया को वर्ष 2025 के “स्वर्ण मयूर पुरस्कार मानव संसाधन उत्कृष्टता” से सम्मानित किया गया। संस्थान की ओर से यह सम्मान मुख्य महाप्रबंधक शैलेश वगेरवाल ने ससम्मान प्राप्त किया। यह गौरवपूर्ण उपलब्धि संस्थान की सुदृढ़ प्रशासनिक व्यवस्था, प्रभावी मानव संसाधन प्रबंधन तथा नवोन्मेषी पहलों का प्रमाण है।
इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक शैलेश वगेरवाल ने कहा कि यह सम्मान संगठन के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी के सामूहिक प्रयास, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्य निष्पादन का परिणाम है। उन्होंने सभी कर्मियों को बधाई देते हुए निरंतर गुणवत्ता सुधार और प्रगति की दिशा में समर्पित रहने का आह्वान किया। यह सम्मान आयुध निर्माणी खमरिया की उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर अग्रसर यात्रा का सशक्त प्रमाण माना जा रहा है।
