शेयर बाजारों में तेजी, सेंसेक्स 573 अंक उछला

मुंबई, 02 जनवरी (वार्ता) विदेशों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को तेजी रही और बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 573.41 अंक (0.67 प्रतिशत) की बढ़त में 85,762.01 अंक पर बंद हुआ। बाजार में आज शुरू से ही तेजी रही। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 182 अंक यानी 0.70 प्रतिशत ऊपर 26,328.55 अंक पर पहुंच गया। चौतरफा लिवाली के बीच 01 फरवरी से पान मसाला, सिगरेट-बीड़ी तथा अन्य तंबाकू उत्पादों पर उपकर और कर बढ़ाने की अधिसूचना के बाद एफएमसीजी कंपनी आईटीसी के शेयरों में लगातार दूसरे दिन गिरावट रही। इसका शेयर आज पौने चार प्रतिशत टूट गया। मझौली और छोटी कंपनियों के सूचकांक भी बढ़त में रहे। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.94 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.72 प्रतिशत चढ़ा। एफएमसीजी को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों में तेजी रही। रियलिटी, धातु, ऑटो, वित्त, बैंकिंग और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों की कंपनियों में लिवाली ज्यादा रही।

एनटीपीसी का शेयर चार प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा। ट्रेंट में ढाई फीसदी से अधिक की तेजी रही। बजाज फाइनेंस, पावरग्रिड, मारुति सुजुकी, भारतीय स्टेट बैंक, बीईएल, आईसीआईसीआई बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनीलिवर और एचडीएफसी बैंक के शेयर एक से दो प्रतिशत की बीच चढ़े। इंफोसिस, टीसीएस, एशियन पेंट्स, सनफार्मा, एलएंडटी, टाटा स्टील और अडानी पोर्ट्स के शेयर भी हरे निशान में बंद हुए। आईटीसी के अलावा कोटक महिंद्रा बैंक में एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही। एक्सिस बैंक का शेयर भी टूट गया।

Next Post

विनिर्माण क्षेत्र की उत्पादन वृद्धि दर 38 महीने के निचले स्तर पर

Fri Jan 2 , 2026
मुंबई, 02 जनवरी (वार्ता) नये ऑर्डरों में सुस्ती से विनिर्माण क्षेत्र की उत्पादन वृद्धि दर माह-दर-माह आधार पर दिसंबर में घटकर 38 महीने के निचले स्तर पर आ गयी। एसएंडपी ग्लोबल द्वारा शुक्रवार को जारी एचएसबीसी भारतीय विनिर्माण खरीद प्रबंधक सूचकांक (पीएमआई) रिपोर्ट में यह बात कही गयी है। भारतीय […]

You May Like