बड़वानी, 30 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस सनातन धर्म को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।
बड़वानी के प्रभारी मंत्री श्री परमार ने आज शाम यहां पत्रकारों से चर्चा में श्री खड़गे के बयान को लेकर पूछे गए प्रश्न पर कहा कि श्री खड़गे और कांग्रेस के लोग योजना बंद तरीके से भारत के सनातन धर्म को कमजोर करने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कभी वे जाति के नाम पर देश का विभाजन करने की ओर आगे बढ़ते हैं, तो कभी सनातन को अपमानित करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने करोड़ों लोगों की आस्था को चोट पहुंचायी है। उन्होंने कहा देश के करोड़ों लोग गंगा को अपनी मां जैसा समझते हुए उसे लिपटना चाहते हैं और आनन्द की अनुभूति प्राप्त करते हैं, जबकि श्री खड़गे उसे अपमानित करते हैं।
कर्ज में डूबी सरकार द्वारा महेश्वर में कैबिनेट के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च कर दिए जाने को लेकर उन्होंने कहा कि विकास के लिए अन्य सरकारें हमसे ज्यादा कर्ज लेती हैं। हमने तो वर्ष 2003 से प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम शुरू किया और बदलाव अब साफ दिखाई दे रहा है और इंफ्रास्ट्रक्चर स्वास्थ्य शिक्षा से लेकर हर बिंदु पर काम हुआ है। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में धार्मिक आध्यात्मिक और आस्था के केंद्रों को भी विकसित किया जा रहा है और इसलिए हमने आवश्यकता के लिए ही खर्च किया है।
यूसीसी लागू करने को लेकर उन्होंने कहा कि सारे देश में समान नागरिक संहिता लागू करने का एजेंडा है, लेकिन हमने अलग-अलग राज्यों में परिस्थितियों के मुताबिक इसे लागू करना आरंभ किया है। समान नागरिक संहिता लागू करने वाला उत्तराखंड पहला राज्य है, आने वाले समय में मध्यप्रदेश में भी यह लागू किया जाएगा।
विभिन्न महाविद्यालयों में प्रभारी प्राचार्यों के भरोसे कॉलेज संचालित करने को लेकर उन्होंने कहा कि हमने पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में साक्षात्कार के माध्यम से चयन की निश्चित प्रक्रिया अपना कर प्राचार्य नियुक्त किए हैं। न्यायालय द्वारा प्रमोशन पर रोक लगाये जाने के चलते प्रमोशन के पात्र लोगों को उच्च प्रभार देकर प्रभारी के रूप में नियुक्त कर रहे हैं।

