बेलग्रेड 29 जनवरी (वार्ता) सर्बिया के प्रधानमंत्री मिलोस वुसेविक ने रेलवे स्टेशन की छतरी के गिरने की घटना पर देशभर में हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद इस्तीफा दे दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स में यह जानकारी दी गई है।
श्री वुसेविक ने कहा कि उन्होंने चीजों को और जटिल होने से बचाने तथा समाज में तनाव को अधिक न बढ़ाने के लिए यह कदम उठाया है।
उल्लेखनीय है कि गत नवंबर में नोवी सैड शहर में रेलवे स्टेशन की छतरी गिरने से 15 लोगों की मौत हो गई थी। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार तब से हजारों लोग नियमित रूप से सड़कों पर थे। प्रदर्शनकारी इस घटना के लिए जवाबदेही की मांग कर रहे हैं और भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुसिक ने मंगलवार देर रात एक टीवी संबोधन में कहा कि वह अगले 10 दिनों के भीतर यह तय करेंगे कि संसदीय चुनाव कराए जाएं या नई सरकार बनाई जाए।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार नोवी सैड घटना के सिलसिले में एक दर्जन से अधिक लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। जिनमें पूर्व परिवहन मंत्री गोरान वेसिक भी शामिल हैं। जिन्होंने घटना के कुछ दिनों बाद इस्तीफा दे दिया था।
राष्ट्रपति के एक भरोसेमंद सहयोगी श्री वुसेविक ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने का उनका फैसला प्रदर्शनकारियों को ”भावनाओं को शांत करने और बातचीत पर लौटने” के लिए प्रोत्साहित करेगा। लेकिन अगर नेशनल असेंबली द्वारा इस्तीफे की पुष्टि के 30 दिनों के भीतर नया प्रधानमंत्री नियुक्त नहीं किया जाता है तो यह संसदीय चुनावों का मार्ग भी प्रशस्त कर सकता है।
विपक्षी दल एक संक्रमणकालीन सरकार की मांग कर रहे हैं जिसके बारे में उनका कहना है कि इससे स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए परिस्थितियाँ बन सकती हैं। लेकिन श्री वुसिक ने उन मांगों को खारिज करते हुए कहा कि सर्बियाई लोग ”सत्ता में सामान्य लोगों को देखना चाहते हैं, न कि ऐसे राजनेताओं को जिन पर भरोसा नहीं है।”
