इंदौर में 76 वां गणतंत्र दिवस जोश और जश्न के साथ मनाया
इंदौर:76वां गणतंत्र दिवस समारोह उत्सव, उमंग और देशभक्ति के साथ हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. मुख्य समारोह इंदौर के नेहरू स्टेडियम में आयोजित हुआ.मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जोश और जुनून के साथ उत्साह भरे वातावरण में झण्डावंदन किया. उन्होंने परेड की सलामी ली. इस मौके पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा आकर्षक एवं नयनाभिराम झांकियां भी निकाली गई। स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी.
मुख्यमंत्री ने सभी को शुभकामनाएँ दी. समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन करते हुए कहा कि आज राष्ट्र के जन-गण-मन में देशभक्ति और देश के लिए गर्व का भाव सशक्त हो रहा है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व-गुण के फलस्वरूप यह संभव हुआ है. आज संपूर्ण विश्व में भारत की गरिमा और साख बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि आज संविधान निर्माताओं के प्रति भी कृतज्ञता ज्ञापित करने का दिन है. हमारा संविधान गौरव और स्वाभिमान के साथ हमें अपने अधिकारों और कर्तव्यों का बोध भी करवाता है. संविधान दिवस के माध्यम से हमारा राष्ट्र संविधान की महिमा को एक उत्सव के रूप में मनाता है.
19 प्लाटूनों ने प्रस्तुत की आकर्षक परेड
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान देशभक्ति से ओतप्रोत अभूतपूर्व उत्साह का माहौल था। समारोह में 19 प्लाटूनों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने झण्डावंदन के पश्चात खुली जीप से सम्पूर्ण परेड का निरीक्षण किया. मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ कलेक्टर आशीष सिंह और पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह थे. उन्होंने परेड कमाण्डरों से परिचय भी प्राप्त किया। परेड के दौरान सशस्त्र दलों द्वारा हर्ष फायर किये गये।
18 विभागों द्वारा नयनाभिराम झाँकियाँ
समारोह के दौरान विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा राज्य शासन की योजनाओं, कार्यक्रमों पर आधारित नयनाभिराम झाँकियाँ निकाली गई. समारोह के दौरान तीन विद्यालयों के बच्चों ने राष्ट्रीयता, देशभक्ति, एकता और सद्भावना पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये. समारोह के दौरान उत्कृष्ट परेड प्रस्तुत करने पर प्लाटूनों को पुरस्कृत किया गया.
