
भोपाल, 25 जनवरी. स्टेशन बजरिया इलाके में घर के पास खेल रही ढाई साल की मासूम बच्ची को तेज रफ्तार कार चालक ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. बच्ची को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने टक्कर मारने वाले कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. जानकारी के अनुसार सुनीता सिकरवार (48) कस्तूरी ग्रीन सिटी, बाबू कालोनी सेमरा, थाना स्टेशन बजरिया में रहती हैं और गृहणी हैं. सुनीता ने पुलिस को बताया कि बीती 23 जनवरी की शाम करीब साढ़े पांच बजे उनकी ढाई साल की पोती मोनिका सिकरवार उर्फ गुनगुन घर के पीछे रोड पर खेल रही थी. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक कार चालक ने बच्ची को टक्कर मार दी. टक्कर लगने से बच्ची सड़क पर गिर पड़ी, जिससे उसके चेहरे, सिर, माथे, कमर, हाथ एवं पैर में गंभीर चोट आई है. घायल बच्ची को इलाज के लिए अस्सी फीट रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
महिला की कार का कांच टूटा
इधर कोहेफिजा थानांतर्गत जैन नगर लालघाटी में रहने वाली प्रियंका जैन शुक्रवार शाम को घर के बाहर अपनी गाड़ी पार्क कर रही थी. इस दौरान पीछे से आ रहे गैस सिलेंडर वाले लोडिंग वाहन ने अपना वाहन बिजली के तारों से टकरा दिया, जिससे तार टूटकर प्रियंका की कार पर गिरे. तार गिरने से कार का अगला कांट टूट गया और गाड़ी पर स्क्रैच आ गये. पास ही खड़े एक बच्चे के गले में तार फंसने से चोट आई है. पुलिस ने आरोपी लोडिंग वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
