
ग्वालियर। चोरों ने ड्यूटी पर गए एक पुलिस जवान के सूने घर पर हाथ साफ कर दिया। सूना घर का फायदा उठाते हुए चोरों ने घर की अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के गहने, 45,000 रुपए नकद समेत करीब 10 लाख रुपए के सामान की चोरी की है। वारदात की सूचना मिलते ही महाराजपुरा थाना पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चोरी का ये पूरा मामला ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र के आदर्श नगर स्थित तिकोनिया पार्क के पास कक्का विहार कॉलोनी का है। पुलिस जवान को चोरी का पता तब चला जब अपनी ड्यूटी खत्म करके अपने घर पहुंचा। जब वह घर पहुंचा तो उसके घर के ताले टूटे मिले। पुलिस का जवान जब घर के अंदर दाखिल हुआ तब घर के अंदर का दृश्य देख चौंक गया। घर का सभी सामान बिखरा पड़ा था पुलिस जवान ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस थाने को दी। इसके बाद पुलिस ने भी तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल का मुआयना किया और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
जानकारी के अनुसार रुस्तम सिंह गुर्जर महाराजपुरा थाना क्षेत्र के रक्षा विहार कॉलोनी तिकोनिया पार्क आदर्श नगर के रहने वाले हैं और वर्तमान में पुलिस लाइन में पदस्थ हैं। फिलहाल उनकी ड्यूटी कलेक्ट्रेट में गार्ड के लिए लगाई गई है। ड्यूटी पर जाते समय वह अपने घर पर ताला लगा कर गए थे, लेकिन जब वह ड्यूटी से वापस लौटे तो घर के ताले टूटे हुए मिले। पुलिस जवान ने जब घर के अंदर जाकर देखा अलमारी में रखे सोना-चांदी के गहने समेत घर में रखा कैश के अलावा कई कीमता सामान चुरा कर चोर फरार हो चुके थे।
वहीं, पुलिस जवान रुस्तम सिंह गुर्जर ने बताया, “मैं जब ड्यूटी पर गया था, उसी दौरान चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर घर से करीब 5 तोला सोना के अलावा सोने की तमाम जेवर और करीबन 1 किलो चांदी सहित 50,000 रुपए कैश ले गए हैं। पूरे सामान की कीमत करीब 10 लाख रुपए है। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि किसने घर पर हाथ साफ किया है।”
इस पूरे मामले में पुलिस अधिकारी का कहना है सीसीटीवी के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। मामले की जांच में जुटी पुलिस की टीम ने पुलिस जवान के घर के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच है। सीसीटीवी फुटेज में एक अज्ञात चोर साफ दिखाई दे रहा है। चोर की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है। जल्द ही अज्ञात चोर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल तफ्तीश जारी है।
