2 घायल, भरजुना बाइपास के निकट हुआ हादसा
सतना :भरजुना स्थित देवी दाई मंदिर में रामायण का पाठ कर वापस घर लौट रहे मोटरसाइकिल सवार 3 लोगों को अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी. जिसके चलते बुरी तरह घायल 3 लोगों में से एक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.प्राप्त जानकारी के अनुसार भरजुना स्थित देवी दाई मंदिर में रामायण के पाठ का आयोजन किया गया था. जहां पर रामायण पाठ करने के लिए कुछ लोग आए हुए थे. बुधवार की दरे रात रामायण पाठ संपन्न होने पर प्रसाद गहण करने के बाद सभी लोग वापस लौटने लगे.
इसी कड़ी में सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत बचवई के निवासी 3 लोग भी एक बाइक पर सवार होकर वापस गांव की ओर लौटने लगे. बताया गया कि रात के लगभग 1 बजे जैसे ही बाइक भरजुना बाइपास के निकट पहुंची वैसे ही पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने तबरदस्त ठोकर मार दी. वाहन की ठोकर लगते ही बाइक असंतुलित हो गई और उस पर सवार तीनों लोग नीचे गिर कर बुरी तरह घायल हो गए. घटना के बारे में जानकारी मिलने पर आस पास के लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा.
जहां पर तीनों घायलों को भर्ती कर उपचार शुरु किया गया. लेकिन कुछ रेर तक इलाज जारी रहने के दौरान दिनेश सिंह पिता रामसखा उम्र 55 वर्ष निवासी बचवई ने दम तोड़ दिया. घटना की जानकारी मिलने पर अस्पताल पहुंचे परिजनों के बीच कोहराम मच गया. वहीं पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. जिसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस द्वारा दुर्घटनाकारित करने वाले वाहन के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है
