
नयी दिल्ली 24 जनवरी (वार्ता) उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने उत्तर प्रदेश के निवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी हैं।
श्री धनखड़ ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर जारी एक संदेश में कहा कि उत्तर प्रदेश अपनी सांस्कृतिक विविधता, समृद्ध इतिहास और सतत प्रगति के लिए एक प्रेरणास्रोत है। इस प्रदेश की उपलब्धियों ने भारत के विकास में अनेक क्षेत्रों में अभूतपूर्व योगदान दिया है। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के पुनीत अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को विनम्र शुभकामनाएँ एवं हार्दिक बधाई।”
श्री धनखड़ लखनऊ में इस विशेष अवसर पर आयोजित समारोह में सम्मिलित होंगे। उन्होंने कहा कि इस अद्वितीय प्रदेश की ऊर्जा, जीवंतता और गौरवशाली परंपराओं का साक्षी बनने पर उन्हें हर्ष है।
श्री धनखड़ ने कहा, “मेरी यही शुभेच्छा है कि ‘उत्तर प्रदेश’ अपनी असीम संभावनाओं और समृद्ध ‘उद्यम प्रदेश’ की भावना को समेटे ‘उत्तम प्रदेश’ के रूप में प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित करता रहे।”
