अतीत के अनसुने नायकों की बलिदान और समर्पण को फिर से उजागर किया जाएगा – प्रधान

संबलपुर, (वार्ता) केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को कहा कि इतिहास के पन्नों में गुमनाम नायकों के त्याग, दृढ़ संकल्प और समर्पण को एक बार फिर उजागर किया जाएगा।

आज संबलपुर में ‘संबाद’ और ‘आम ओडिशा’ द्वारा आयोजित वीर सुरेंद्र साई और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती समारोह में प्रधान ने कहा कि 23 जनवरी शक्ति दिवस है, जिस दिन दो अद्वितीय नायकों नेताजी सुभाष चंद्र बोस और वीर सुरेंद्र साय की जयंती है।

उन्होंने कहा कि आज का दिन इन वीरों के साहस और बलिदान को याद करने का दिन है। उनकी विचारधारा पर चलकर देश और राष्ट्र के कल्याण के लिए समर्पित और संकल्पित होने का दिन है।

प्रधान ने कहा कि युवाओं को इन दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि देते हुए वीर सुरेंद्र साई और नेता जी के आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने देश को आजादी दिलाने के लिए सशस्त्र बल के साथ सुव्यवस्थित संघर्ष किया।

इसी प्रकार वीर सुरेंद्र साय, उनके भाई ध्रुव साय, उज्ज्वल साय, अभिसल साय, जज्जल साय, मेदिनी साय और परिवार के सदस्यों ने अंग्रेजों के खिलाफ बहादुरी से लड़ते हुए देश को आजादी दिलाने के लिए राष्ट्रीय आंदोलन में भाग लिया और मातृभूमि के लिए बलिदान दिया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वीर सुरेंद्र साई की अद्वितीय संगठनात्मक शक्ति और रणनीतिक कौशल ओडिया राष्ट्र की बहादुरी का प्रतिबिंब है।

उन्होंने कहा कि 2036 में ओडिशा अपने स्वतंत्र राज्य के 100 साल पूरे कर लेगा और 2047 में देश की आजादी के 100 साल पूरे हो जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इस समय 21वीं सदी के युवाओं तक नेताजी सुभाष चंद्र बोस और वीर सुरेंद्र साय जैसे वीरों की वीरगाथाएं पहुंचानी होगी।

Next Post

अवैध घुसपैठ भारत के लिए भी गंभीर मुद्दा

Fri Jan 24 , 2025
अमेरिका के 47 वें राष्ट्रपति पद की शपथ लेते ही डोनाल्ड ट्रंप ने 100 से अधिक बड़े फैसले लेकर दुनिया भर में तहलका मचा दिया है.उनके ताबड़तोड़ फसलों का असर दुनिया में दिखाई देने लगा है. डोनाल्ड ट्रंप ने एक करोड़ अवैध प्रवासियों को उनके देश वापस भेजने का ऐलान […]

You May Like

मनोरंजन